- मगहर कस्बा स्थित डाकघर में सुबह चार बजे नंबर के लिए पहुंच रहे लोग
संवाद न्यूज एजेंसी
मगहर। नगर पंचायत मगहर स्थित डाकघर में आधार कार्ड संशोधन के लिए प्रत्येक दिन भारी संख्या में लोग पहुंचते हैं। कई दिनों से नंबर लगाने वाले लोग सोमवार को डाकघर पहुंचे पता चला कि आज आधार का काम बंद रहेगा। लोगों ने अव्यवस्था को लेकर डाकघर पर हंगामा किया।
गांधी आश्रम भवन में स्थित डाकघर में नए आधार कार्ड और संशोधन के लिए उप डाकपाल को अधिकृत किया गया है। वर्तमान में आधार संशोधन के लिए बड़ पैमाने पर जुटी भीड़ को लेकर डाकघर द्वारा नंबर के आधार पर नया आधार संशोधन किया जा रहा है। नंबर लगाने के लिए रोजाना चार बजे भोर से ही लोग डाकघर पर पहुंच जाते हैं और दस बजे कर्मियों के आने के बाद नंबर लगवा पाते हैं।
सोमवार को आधार कार्ड बनवाने पहुंचे मईला निवासी प्रेम शीला, समधिया निवासी ऋषि चौरसिया और रसूलपुर निवासी सुनील गुप्ता ने बताया कि काम-धंधा छोड़कर भोर में ही नंबर लगा लेते हैं। कर्मियों के आने के बाद सुबह दस बजे 15 से बीस लोगों का नंबर लगाया जाता है। उसके बाद दोबारा दोपहर दो बजे आने के लिए कह कर घर वापस कर दिया जाता है। स्थानीय लोग तो घर जाकर फिर वापस आ सकते हैं लेकिन दूर दराज से पहुंचे लोग पूरा दिन कस्बे में रहकर बिताते हैं। दोपहर दो बजे के बाद अगर सर्वर चलता रहा तो नंबर वालों का काम हो जाता है अगर कोई खराबी हुई तो अगले दिन आना पड़ता है।
डाकघर में साफ-सफाई का काम हो रहा है जिसके कारण कार्य करने में समस्या आ रही है।
- ज्योति श्रीवास्तव, उप डाकपाल, मगहर