यूपी बोर्ड : पहले दिन पांच हजार अभ्यर्थियों ने छोड़ी परीक्षा
- पहले दिन डीएम, एसपी और डीआईओएस के साथ सचल दस्तों ने दिखायी सख्ती
- सुबह की पाली में हाईस्कूल हिंदी व शाम की पाली में इंटरमीडिएट हिंदी की परीक्षा हुई
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड की परीक्षा में पहले दिन हाईस्कूल के हिंदी विषय में कुल नामांकित 29,522 में से 3,183 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। वहीं, इंटर के हिंदी में 22,164 में से 2,164 अभ्यर्थियों ने परीक्षा छोड़ दी। परीक्षा के पहले दिन डीएम, एसपी और डीआईओएस ने काफी सख्ती दिखायी। परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया और परीक्षा की व्यवस्था देखी। दो विद्यालयों पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक समय से नहीं पहुंच पाए थे। जिसके बाद डीआईओएस ने अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों को भेजा।
बृहस्पतिवार से आयोजित हुई यूपी बोर्ड परीक्षा में सुबह की पाली में हाईस्कूल के हिंदी विषय में पंजीकृत 29,522 परीक्षार्थियों में से 3,183 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है। परीक्षा में कुल 26,339 परीक्षार्थी शामिल हुए हैं। सुबह की पाली में डीएम दिव्या मित्तल और एसपी डॉ. कौस्तुभ ने सेमरियावां और कांटे क्षेत्र में बने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण किया। जहां पर परीक्षा सुचारू रूप से संचालित होते मिली। डीएम ने केंद्र व्यवस्थापकों को निर्देश दिया कि परीक्षा के दौरान सीसीटीवी कैमरा अगर बंद मिला तो सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसलिए सीसीटीवी के संचालन पर ध्यान देते रहे। सचल दस्ता प्रभारी डीआईओएस गिरीश कुमार सिंह ने पंडित दीनदयालय उपाध्याय इंटर कॉलेज कोनी, गड़सरपार, एचआर इंटर कॉलेज खलीलाबाद, रामशंकर इंटर कॉलेज सिकरी, खलीलाबाद इंटर कॉलेज, संत कबीर इंटर कॉलेज मगहर का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान परीक्षा सुचारु रूप से संचालित होते मिली। उन्होंने बताया कि दो केंद्रों पर अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक समय से नहीं पहुंचे थे। जिसके बाद उन्हें तत्काल केंद्रों पर भेजा गया। दूसरे सचल दस्ता प्रभारी बीएसए दिनेश कुमार ने बताया कि उन्होंने छत्रपति साहू जी महाराज इंटर कॉलेज काठगंगा, सत्यव्रत शर्मा जानकी दुलारी इंटर कॉलेज, रामा चौधरी कृष्ण उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, कल्पादेवी राम देव राय इंटर कॉलेज चुरेब, जगराम इंटर कॉलेज झुगरा सुहावा, हरीराम राय इंटर कॉलेज, अशरफ इंटर कॉलेज साल्हेपुर, सरदार पटेल इंटर कॉलेज भदांह का निरीक्षण किया। परीक्षा सुचारु रूप से सभी केंद्रों पर संचालित होते मिली है। इसी तरह से जिले के तीनों एसडीएम व अन्य सचल दस्ता प्रभारी परीक्षा केद्रों का निरीक्षण करते हुए मिले।
पहले दिन हाईस्कूल की हिंदी विषय की परीक्षा में 3,183 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ी है। छह सचल दस्ते केंद्रों का लगातार निरीक्षण कर रहे हैं। दोनों पालियों में कही से कोई शिकायत नहीं मिली है। परीक्षा शांति पूर्ण तरीके से संपन्न हुई है।
- गिरीश कुमार सिंह, डीआईओएस
देर तक जमा होता रहा बंडल
संतकबीरनगर। उत्तर पुस्तिकाओं के लिए बनाए गए संकलन केंद्र एचआर इंटर कॉलेज खलीलाबाद समेत धनघटा और मेंहदावल तहसील में सुबह की पाली की परीक्षा समाप्त होते ही कॉपियों के बंडलों को आना शुरू हो गए। इस दौरान कई विद्यालयों के बंडलों को जमा करते हुए कर्मचारी लगे रहे। बंडलों के सील पैक देखकर ही कॉपियों के बंडल जमा किए जाते थे। यह सिलसिला काफी देर तक चलता रहा। द्वितीय पाली की परीक्षा समाप्त होने के बाद देर शाम तक उत्तर पुस्तिकाओं के बंडल संकलन केंद्रों पर जमा हुए।
सरल प्रश्न पत्र आने पर परीक्षार्थी हुए खुश
संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड की हाईस्कूल की परीक्षा में हिंदी प्रश्र पत्र के सरल आने से कई केंद्रों पर परीक्षार्थी काफी खुश दिखे। परीक्षार्थियों ने राहत की सास महसूस की। एचआर इंटर कॉलेज से हाईस्कूल की हिंदी परीक्षा देकर निकले छात्र संजय सिंह, रूपेश, राजेश कुमार आदि ने कहा कि प्रश्र सरल आया था। जिसे हल करने में दिक्कत नहीं हुई।