बढ़या ठाठर पुल के पास मिला अज्ञात महिला का शव
- गोरखपुर के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र में था शव
- शव मिलने की खबर से फैल गई थी सनसनी
अमर उजाला ब्यूरो
मेंहदावल। मंगलवार को मेंहदावल थाना क्षेत्र के बढ़या ठाठर पुल के पास एक महिला का शव मिला। बाने गांव के सीवान में स्थित नगहरिया बाबा के स्थान पर मिला शव गोरखपुर जिले के कैंपियरगंज थाना क्षेत्र में था। कैंपियरगंज पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए ले गई है।
मंगलवार की सुबह करीब साढ़े सात बजे बढ़या ठाठर पुल के दूसरे छोर पर एक अज्ञात महिला का शव फेंके जाने की खबर फैली। इसकी सूचना पर आसपास के गांवों के कुछ लोग मौके पर पहुंचे। मौके पर डायल 100 की टीम के साथ मेंहदावल पुलिस भी पहुंच गई। काफी प्रयास के बाद भी शव की पहचान नहीं हो सकी। उधर महिला का शव मिलने की सूचना पर कैंपियरगंज पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। शव कैंपियरगंज थाना क्षेत्र में मिलने के कारण वहां की पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। कछार क्षेत्र में लोगों के बीच में पूरे दिन यह घटना चर्चा का विषय बनी रही।