मेंहदावल थाना क्षेत्र के गोविंदपुर मईला गांव का मामला
मेंहदावल। थाना क्षेत्र के ग्राम गोविंदपुर मईला में मारपीट के मामले में चाचा-भतीजा घायल हो गए। आरोप है कि अकारण गाली-गलौज करते चार लोगों ने लाठी-डंडे और चाकू से हमला कर दिया। पीड़ित की तहरीर पर मेंहदावल पुलिस ने आरोपियों शिवानंद तिवारी, राज त्रिपाठी, कृष्णा त्रिपाठी व अभिषेक निवासी साड़े खुर्द के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
विनोद यादव पुत्र छविराज यादव, निवासी ग्राम गोविंदपुर मईला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बुधवार शाम करीब छह बजे गांव के ही शिवानंद तिवारी, राज त्रिपाठी, कृष्णा त्रिपाठी व अभिषेक निवासी साड़े खुर्द ने अकारण उसे गाली-गलौज करते हुए मारना-पीटना शुरू कर दिया। हमले में विनोद के सिर पर गंभीर चोटें आईं। शोर सुनकर बीच-बचाव करने पहुंचे भतीजे शिवांक पुत्र अशोक पर भी आरोपियों ने लाठी-डंडे और चाकू से हमला कर दिया। इससे शिवांक के हाथ और सिर में भी चोटें आईं।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि चारों नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर मामले की जांच की जा रही है।