बेसिक शिक्षा सचिव के आदेशों का जिले में खुला उल्लंघन हो रहा है। बीएसए द्वारा भेजे गए आदेश को खलीलाबाद ब्लॉक के दो शिक्षकों ने लेने से इंकार कर दिया है। बीएसए ने दोनों शिक्षकों पर कड़ी कार्रवाई का निर्देश दिया है।
दरअसल, जिले में कई शिक्षकों ने जुगाड़ तंत्र के सहारे खुद को दूसरे स्कूलों से संबद्ध करा रखा है। जिससे पठन पाठन पर असर पड़ रहा था। इसकी शिकायत जब शासन स्तर पर हुई तो बेसिक शिक्षा सचिव ने ऐसे संबद्ध शिक्षकों की संबद्धता समाप्त करने का आदेश जारी कर ऐसे शिक्षकों को मूल विद्यालय पर भेजने का निर्देश दिया है। साथ ही इसकी रिपोर्ट भी तलब की गई है।
बीएसए ने जनपद के परिषदीय विद्यालयों में संबद्ध 68 शिक्षकों की संबद्धता समाप्त करते हुए रिपोर्ट खंड शिक्षा अधिकारी से मांगी थी। जिसमें खलीलाबाद के खंड शिक्षा अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट भेजी है। रिपोर्ट में खलीलाबाद ब्लॉक के विद्यालयों में संबद्ध दो शिक्षकों ने आदेश को लेने से इंकार कर दिया है। बीईओ संध्या चतुर्वेदी ने बीएसए को भेजी रिपोर्ट में शिक्षकों पर कार्रवाई की संस्तुति की है। यह हाल तो अभी खलीलाबाद ब्लॉक की रिपोर्ट का है अभी अन्य आठ ब्लॉकों की रिपोर्ट नहीं आई है।
वहीं बीएसए जगदीश शुक्ल ने बताया कि शिक्षकों की संबद्धता पूर्ण रूप से समाप्त हो चुकी है। अगर कोई शिक्षक संबद्धता आदेश लेने से इंकार करता है और अपने मूल विद्यालय पर नहीं जाता है तो उसके विरुद्ध निलंबन की कार्रवाई के साथ ही अन्य विभागीय कार्रवाई की जाएगी। जिसकी सारी जिम्मेदारी शिक्षक की होगी। इसकी रिपोर्ट बेसिक शिक्षा सचिव को भी भेजी जाएगी।