सांथा। बखिरा थाना क्षेत्र के बघुआ गांव के पास बुधवार की रात करीब 10:00 बजे के आसपास बोलेरो और पिकअप की टक्कर हो गई थी। इस दुर्घटना में घायल मासूम समेत दो लोगों की मौत हो गई। मरने वालों में बोलेरो चालक सलाहुद्दीन (32) और ग्यारह माह का मासूम आमिर हमजा शामिल है।
हादसे में घायलों को जिला चिकित्सालय ले जाया गया था। जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टर ने मासूम को मृत घोषित कर दिया और गंभीर रूप से घायलों को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज के लिए रेफर कर दिया था। इमलिया गांव के कुछ लोग मुंबई जाने के लिए बोलेरो से खलीलाबाद रेलवे स्टेशन जा रहे थे। वह बघुआ गांव के पास पहुंचे ही थे कि सामने से आ रही पिकअप डिलीवरी वाहन से टक्कर हो गई। इसके बाद बोलेरो अनियंत्रित होकर बगल में पेड़ से जा टकराई, जिसमें आठ लोग घायल हो गए थे। जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से जिला अस्पताल भिजवाया गया था। जहां आमिर हमजा 11 माह पुत्र सलमान को चिकित्सक ने मृत घोषित कर दिया था।
इसके साथ ही प्राथमिकी उपचार के बाद गंभीर स्थिति को देखकर सलाहुद्दीन पुत्र मो. सुसेन को गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया था। इलाज के दौरान बृहस्पतिवार को सलाहुद्दीन की भी मौत हो गई। सलाहुद्दीन अपने तीन भाइयों में सबसे बड़ा था। जुबेर और रियाजू दूसरे व तीसरे नंबर के भाई हैं। सब अलग-अलग रहते हैं। मृतक के तीन बच्चे एहताम 11, नाहदा 7, सैयदा 15 हैं। एसओ बखिरा सतीश सिंह ने बताया कि घायल आसमां खातून पुत्री नई रहम (19) मेडिकल काॅलेज में गंभीर है। सिफान पुत्र समीउल्लाह ( 19) सुलेमान पुत्र अबू बकर (19), सद्दाम पुत्र मो. शरीफ ( 30), सैयदा खातून (50) घर पर हैं।