एचआरपीजी कॉलेज में घटना के बाद प्राचार्य से वार्ता करते एसएस आई।
- फोटो : KHALILABAD
चुनाव प्रचार के दौरान दो गुटों में झड़प
- सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों गुटों को कॉलेज परिसर से बाहर किया
- प्राचार्य के साथ बैठक में बाहरी तत्वों को अंदर न जाने पर बनी रणनीति
अमर उजाला ब्यूरो
संतकबीरनगर। एचआरपीजी कॉलेज में 30 अगस्त को होने वाले छात्र संघ चुनाव को लेकर चल रहे प्रचार में सोमवार केे छात्र नेताओ के दो गुटों में झड़प हो गई। इससे परिसर में अफरातफरी का माहौल हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने छात्र नेताओं को कॉलेज परिसर से बाहर किया। छात्र नेता कॉलेज गेट पर भी हंगामा करने लगे। जिसे पुलिस ने वहां से हटाया। पुलिस अधिकारियों ने प्राचार्य के साथ बैठक कर बाहरी तत्वों को परिसर में जाने देने की रणनीति तैयार की।
छात्र संघ चुनाव को लेकर अध्यक्ष पद के दो प्रत्याशी अपने-अपने समर्थकों के साथ कॉलेज परिसर में प्रचार कर रहे थे। उसी दौरान नारेबाजी करने लगे। देखते-देखते दोनों पक्षों में झड़प हो गई। छात्र नेता एक दूसरे को खींचने लगे। किसी ने इसकी सूचना कोतवाली पुलिस को दी। कॉलेज गेट पर मौजूद फोर्स अंदर पहुंच गई और छात्र नेताओं को हटाने का प्रयास किया। छात्र नेता उसके बाद भी नारेबाजी करने से बाज नहीं आए। इसके बाद पुलिस ने सख्ती से सभी को परिसर में बाहर किया। परिसर से बाहर होने के बाद छात्र नेता गेट पर भी हंगामा करने लगे। पुलिस ने उन्हें वहां से भी हटाया। इसके बाद मगहर चौकी इंचार्ज राम मिलन यादव ने कॉलेज के प्राचार्य डॉ. रामसोच यादव व मुख्य चुनाव अधिकारी डॉ. डीएन पांडेय के साथ बैठक की। जिसमें बाहरी तत्वों का कॉलेज परिसर में प्रवेश न हो इसको लेकर चर्चा हुई। निर्णय हुआ कि गेट पर चेकिंग की जाए और जिसके पास परिचय पत्र हो उन्हीं को परिसर में आने दिया जाए। प्राचार्य ने बताया कि जिस छात्र के पास परिचय पत्र होगा उसे ही परिसर में आने दिया जाएगा। इस दौरान डॉ. अमित भारती, डॉ. प्रताप विजय कुमार, डॉ. अमरनाथ पांडेय समेत अन्य मौजूद रहे।