संतकबीरनगर। कोहरे के कारण बुधवार को जिले में छह हादसे हुए। इसमें से पांच गोरखपुर-लखनऊ हाइवे पर हुए। हादसों में दो लोगों की मौत हो गई, जबकि 11 लोग घायल हो गए।
डारीडीहा चौराहे के पास लगातार चार वाहन आपस में टकरा गए। इस हादसे में कार सवार एक निजी कंपनी के ज्वाइंट डायरेक्टर और गोरखपुर निवासी संजीव कुमार श्रीवास्तव की मौत हो गई। हादसे के वक्त संजीव पत्नी और दो बच्चों के साथ पूना जा रहे थे। इस घटना में चार लोग घायल हुए हैं। वहीं दूसरा हादसा बूधा के पास हुआ। इसमें टेंपो चालक की मौत हो गई।
पहला हादसा हाइवे पर डारीडीहा चौराहे के पास सुबह करीब सात बजे हुआ। यहां एक के पीछे एक चार वाहन टकरा गए। आगे चल रहे ट्रक के पीछे गोरखपुर के एक निजी स्कूल के बच्चों का टूर लेकर लखनऊ जा रही बस पीछे से ट्रक में टकरा गई। बस के पीछे से कार और इससे भी एक कार टकरा गई। बस से टकराई कार में गोरखपुर निवासी दंपति पूना जा रहे थे।
हादसे के बाद गोरखपुर के राप्तीनगर निवासी संजीव कुमार श्रीवास्तव, उनकी पत्नी वर्तिका श्रीवास्तव, बेटी अंशिका(08) और अक्षिता (04) के साथ ही बिछिया निवासी कार चालक मनीष पुत्र विश्वदेव निवासी बिछिया घायल हो गए। मौके पर जुटे लोगों ने घायलों को जिला अस्पताल भिजवाया।
जहां संजीव को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। जबकि चालक को प्राथमिक उपचार के बाद गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मृतक संजीव पूना की एक प्राइवेट कंपनी में ज्वाइंट डायरेक्टर के पद पद तैनात थे। सूचना पर पीड़ित परिजन जिला अस्पताल पहुंचे और शव देख कर बदहवाश हो गए।
दूसरा हादसा बूधा के पास हुआ।
जगदीशपुर उर्फ लहुरादेवा गांव निवासी अमुख नारायण उपाध्याय टेंपो लेकर पेट्रोल पंप पर जा रहे थे। जैसे ही वे पंप की ओर मुड़ने के लिए मुड़े एक ट्रक ने टक्कर मार दी। हादसे के बाद मौके पर ही चालक की मौत हो गई।
तीसरी घटना जिगिना चौराहे के पास हुई।
कोहरे की वजह से एक पिकअप चालक के अचानक ब्रेक लेने के कारण दो ट्रक और टकरा गए। तीन वाहनों के टकराने से पिकअप चालक घायल हो गया, जबकि दोनों ट्रकों के चालक मामूली रूप से चोटिल हुए।
चौथी घटना मगहर के पास हुई।
दो वाहनों की टक्कर में एक बाइक सवार दो युवक घायल हो गए।घायलों को लोगों ने गोरखपुर भिजवाया। दोनों युवक गोरखपुर जिले के सहजनवां क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं।
पांचवीं घटना रैनापेपर मिल के पास हुई। गोरखपुर से बाइक लाद कर लखनऊ जा रहा एक ट्रक कोहरे की वजह से सड़क के किनारे खड़ी एक गाड़ी से टकरा गया। इससे ट्रक के आगे का हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया, लेकिन चालक बाल- बाल बच गया।