संतकबीरनगर। दिल्ली ब्लास्ट मामले की जांच कर रही खुफिया विभाग की टीम के सीएमओ कार्यालय से जिले में तैनात चिकित्सकों का ब्योरा मांगने के बाद स्वास्थ्य विभाग में हलचल तेज हो गई है। मंगलवार को कर्मचारी चिकित्सकों का ब्योरा जुटाने में लगे रहे। विभागीय सूत्रों का कहना है कि जिले में दो चिकित्सकों ने अलफला कॉलेज हरियाणा से एमबीबीएस की डिग्री हासिल की है। एक अन्य चिकित्सक की डिग्री भी संदिग्ध मेडिकल कॉलेज की बताई जा रही है। इन चिकित्सकों को लेकर तरह-तरह की चर्चा होती रही।
बता दें कि दिल्ली के लाल किले के पास 10 नवंबर को कार में बम ब्लास्ट हुआ था। जिसमे 13 लोगों की मौत हो गई थी और 24 से ज्यादा घायल हुए थे। इस घटना के बाद देश की खुफिया एजेंसी सक्रिय हो गई थी। इसमें हरियाणा के डॉक्टर का नाम आया था। उसके मोबाइल की जांच-पड़ताल में कई अन्य चिकित्सकों के नाम सामने आए थे। खुफिया विभाग की टीम ने कई लोगों को गिरफ्तार कर पूछताछ की है।
सोमवार को खुफिया विभाग दो अधिकारी सीएमओ कार्यालय पहुंचे थे। सीएमओ से जिले में कार्यरत चिकित्सकों का ब्योरा तलब किया था। टीम ने सीएमओ से चिकित्सकों की तैनाती का समय, कहां से मेडिकल की पढ़ाई की है और कब-कब कहां तैनात रहे, पूरा विवरण देने के लिए कहा है। सीएमओ कार्यालय इन चिकित्सकों का रिकॉर्ड खंगालने में जुटा है। विभागीय सूत्रों का कहना है कि हरियाणा के अलफला कॉलेज से दो चिकित्सकों ने एमबीबीएस की डिग्री ली है और जिले में कार्यरत हैं। इसके साथ ही एक अन्य चिकित्सक की डिग्री भी संदिग्ध मेडिकल कॉलेज की बताई जा रही है। विभाग में इसकी चर्चा तेज हो गई है।