एसबीआई की महुली शाखा में सर्वर ठीक हाेने का इंतजार करते उपभोक्ता।
- फोटो : अमर उजाला
एसबीआई महुली के उपभोक्ता दो दिनों से सर्वर फेल होने से उपभोक्ता परेशान हैं। लोग यहां लेनदेन की आस में सुबह आते हैं और शाम को खाली हाथ लौट जाते हैं। यही नहीं शाखाकर्मी भी इससे परेशान हैं।
भारतीय स्टेट बैंक की महुली शाखा में पिछले दो दिनों से सर्वर फेल होने के कारण लेन देन ठप है। लगातार पांच दिनों की छुट्टी के बाद बुधवार को जब बैंक खुला तो लोग अपने खाते से धन निकासी के लिए बैंक पर उमड़ पडे़। दिन भर लाइन में लगने के बाद रुक रुक कर ठीक हो रहे सर्वर से जहां कुछ उपभोक्ताओं को तो पैसा मिला, लेकिन ज्यादातर लोगों को सर्वर ठीक हो पाने के कारण पैसा नहीं मिल पाया। जिससे लोग शाम को वापस जाने को मजबूर हो गए। गुरुवार सुबह से ही बैंक पर लोगों की लाइन लगने लगी। बैंक खुलने के बाद लोगों को सर्वर फेल होने की पुन: सूचना मिली। इंटरनेट फेल होने की जानकारी मिलने पर लोग परेशान हो उठे।
महिलाएं हो या पुरुष सभी सर्वर सही होने की उम्मीद में बैंक में लगी लाइन में जमीन पर बैठकर कामकाज शुरू होने का इंतजार करने लगे। बैंक की लाइन में लगी सुराती देवी, सुषमा देवी, माधुरी, प्रियंका, राजमती, भानमती सुनीता आदि का कहना है कि दो दिनों से वे लोग बैंक में आकर इंटरनेट सही होने का इंतजार करती हैं। पैसे के अभाव में घर चलाना मुश्किल हो गया है। किसी को बच्चों की फीस जमा करनी है तो किसी को घर और रिश्तेदारी की शादी में खरीदारी के लिए पैसे की जरूरत है। खाते में अपना पैसा होने के बाद भी लोग धन निकासी नहीं कर पा रहे हैं।
उपभोक्ताओं के साथ बैंक कर्मियों को भी सर्वर न होने की काफी खल रहा है। लोगों का आरोप है कि दो दिनों से सर्वर फेल होने से सैकड़ों लोग परेशान हैं फिर भी बैंक के जिम्मेदार इस कमी को दूर करने के लिए तेजी नहीं दिखा रहे हैं। शाखा प्रबंधक आनंद कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि खराब सर्वर ठीक कराने के लिए शिकायत की गई है। जल्द ही इस समस्या से निजात पा लिया जाएगा।