स्कूल जा रही छात्राओं से छेड़खानी करने वाले तीन युवकों को गांव वालों ने बुधवार को कॉलेज गेट के पास ही पकड़ कर पिटाई की, जबकि दो युवक भागने निकले। बाद में गांव वालों ने पिटाई के तीनों युवकों को कोतवाली पुलिस को सुपुर्द कर दिया।
कोतवाली आए छात्राओं के गांव के लोगों का आरोप था कि उनके गांव की रहने वाली लड़कियां पढ़ने के लिए क्षेत्र के एक इंटर कॉलेज में जाती हैं। उस इंटर कॉलेज के पास के गांव के रहने वाले पांच युवक स्कूल आते- जाते छात्राओं से छेड़खानी करते हैं। छात्राओं को मनचले युवक जबरन कागज की स्लिप पर लिखकर अपना मोबाइल नंबर देते हैं। रास्ते में चलती बाइक से अश्लील हरकत करते हैं। ऐसे में छात्राओं ने कॉलेज जाने से मना कर दिया। पूछताछ करने पर छात्राओं ने युवकों की हरकतों की जानकारी दी।
उसके गांव के कुछ लोग बाइक और चार पहिया से इंटर कॉलेज के पास पहुंच कर वहां पहले से मौजूद थे। उसी दौरान जब छात्राएं गुजरी तो मनचले युवकों ने उनके साथ छेड़खानी की। जिससे गांव वालों ने घेर कर तीन मनचले युवकों को पकड़ लिया। जबकि दो युवक भाग निकले। पकड़े गए युवकों को गांव वालों ने पिटाई की और बाद में पुलिस को सौंप दिया।
छात्राओं के गांव के प्रधान के परिवार के एक व्यक्ति ने कोतवाली में लिखित तहरीर देकर पांचों युवकों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। बाद में आरोपी के घर वाले भी कोतवाली पहुंच गए और दोनों पक्षों में बातचीत शुरू हुई। कोतवाल कमला यादव ने बताया कि जांच की जा रही है। इसके बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।