सेमरियावां। बृहस्पतिवार को जिला विकास अधिकारी (डीडीओ) ओम प्रकाश ने मनरेगा सोशल आडिट ब्लाक कोआर्डिनेटर, बीआरपी, बीआरपी और ग्राम सचिव, तकनीकी सहायकों के साथ बैठक की। इस दौरान मनरेगा सोशल आडिट के बेहतर क्रियान्वयन करने का निर्देश दिया। बैठक के दौरान अनुपस्थित दो बीआरपी और दो ब्लाॅक कोआर्डिनेटर को नोटिस जारी कर तीन दिन के अंदर स्पष्टीकरण मांगा है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर आगे की कार्रवाई की चेतावनी दी है।
सेमरियावां ब्लाॅक के 113 ग्राम पंचायतों में इन दिनों सोशल आडिट चल रही है। सोशल आडिट टीम गांव में जाकर आडिट कर रही है। आडिट के कुल आठ टीमें गठित की गई है। आडिट टीम में आठ बीआरपी व ब्लाक कोआर्डिनेटर को बेहतर संचालन की जिम्मेदारी सौंपी गई है। टीम को तीन दिन गांव जाकर स्थलीय सत्यापन व अगले दिन बैठक कर आडिट करना होता है। डीडीओ प्रेम प्रकाश त्रिपाठी ने कहा कि सोशल टीम द्वारा समयावधि का पालन किया जाए। तीन दिन गांव में प्रोजेक्ट कार्य का सत्यापन किया जाए। इसमें कमियां मिलने पर कार्रवाई की जाएगी। कहा कि ग्राम सचिव व तकनीकी सहायक आडिट के दौरान मौके पर उपस्थित रहकर समस्त अभिलेख टीम को दें, जिससे पारदर्शी तरीके से आडिट हो सके। बताया कि बैठक के दौरान सोशल टीम के पौली ब्लाॅक ब्लाक कोआर्डिनेटर गिरीशचंद्र यादव, ब्लॉक कोआर्डिनेटर हैंसर कालिंदी यादव, बीआरपी राकेश मिश्रा, संतोष पांडेय अनुपस्थिति पाए गए। इनको तीन दिन के अंदर अनुपस्थिति का स्पष्टीकरण मांगा गया है। संतोषजनक जवाब न मिलने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान एडीओ पंचायत राधेश्याम चौधरी, ब्लॉक कोआर्डिनेटर सेमरियावां राज कुमार, ग्राम सचिव योगेंद्र कुमार गौड़, रजनी सिंह, कुणाल सिंह, विमला यादव, संतोष पांडेय, अलाउद्दीन, असदुल्लाह खान आदि मौजूद रहे।