मेंहदावल। थाना क्षेत्र के एक गांव से 14 वर्षीय किशोरी के लापता होने के मामले में पुलिस ने दो लोगों के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की है। किशोरी की मां ने दोनों पर बेटी को बहला-फुसलाकर ले जाने का आरोप लगाया है। पुलिस मामले की जांच के साथ किशोरी की तलाश कर रही है।
पुलिस को दी गई तहरीर में मां ने बताया कि उनके पति करीब पांच वर्ष से लापता हैं। चार बच्चों के भरण-पोषण के लिए वह पिछले चार वर्षों से गीडा, गोरखपुर में काम करती हैं, जबकि बच्चे गांव में रहते हैं। उनकी 14 वर्षीय बेटी घर पर रहकर छोटे भाई-बहनों की देखभाल करती थी।
महिला के अनुसार, कुछ दिन पहले किशोरी उनके पास गीडा आई थी। वहां उसने मां के एटीएम कार्ड से आठ हजार रुपये निकाले। इसमें से दो हजार रुपये घर पर और तीन हजार रुपये मां को दिए। इसके बाद वह लापता हो गई। काफी तलाश के बाद भी उसका पता नहीं चला।
मां ने आरोप लगाया कि जानकारी करने पर पता चला कि बेलौली निवासी इस्सू पुत्र झीनक किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। इसमें डुमरिया बाबू निवासी उसकी बुआ सुनीता पत्नी सुनील नाई भी शामिल है।
प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर के आधार पर दोनों आरोपियों के खिलाफ अपहरण की प्राथमिकी दर्ज की गई है। किशोरी की बरामदगी के लिए पुलिस टीम प्रयास कर रही है।