मेंहदावल। क्षेत्र के बढ़या ठाठर में 29 सितंबर को दो शव मिलने की सूचना पुलिस को ग्रामीणों से मिली थी। पुलिस ने दोनों शव को नदी से बाहर निकलवाया और पहचान न हो पाने पर जिला अस्पताल स्थित मोर्चरी में भेज दिया था। पुलिस के काफी प्रयास के बाद भी दोनों शव की पहचान नहीं हो पाई है।
पुलिस के अनुसार पुरुष का शव जो बरामद हुआ था उसकी उम्र करीब 35 वर्ष के आसपास थी। उसकी लंबाई 5 फुट 7 इंच के करीब था। देखने से शव चार से पांच दिन पुराना लग रहा था। जबकि महिला का शव 25 से 30 दिन पुरानी बताई जा रही थी, जो सड़ चुकी थी।
बरामदगी के एक सप्ताह बाद भी शव की पहचान न हो पाने से पुलिस भी परेशान है। दोनों की पहचान करने के लिए पुलिस हर तरह का प्रयास कर रही है, लेकिन अभी तक पुलिस को सफलता नहीं मिल पाया है।
नदी से शव बरामद होने की सूचना पाकर एसपी संदीप कुमार मीना ने भी मौके पर पहुंचकर जांच पड़ताल के बाद शव की पहचान कराने का निर्देश मेंहदावल पुलिस को दिया था। इसके बाद भी अभी तक पुलिस के हाथ खाली हैं। एसओ मेंहदावल सतीश कुमार सिंह का कहना है कि दोनों शव की पहचान के लिए पूरा प्रयास किया जा रहा है। संबंधित की फोटो अगल-बगल के जिलों के थानों को भी भेजा गया है। अभी तक कही से भी शव के संबंध में कोई सूचना नहीं मिला है।