सरकारी धन के गबन के आरोप में प्रधान समेत दो गिरफ्तार
जिला सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक में विधायक ने उठाया था मुद्दा
जांच में मामला उजागर होने पर प्रधान समेत चार पर दर्ज हुआ था केस
संतकबीरनगर। धनघटा पुलिस ने सरकारी धन के गबन के आरोप में प्रधान समेत दो लोगों को शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। जबकि अन्य आरोपी अभी पुलिस की पकड़ से दूर हैं।
जिला सतर्कता एवं निगरानी समिति की बैठक में सांसद प्रवीण निषाद की उपस्थिति में विधायक गणेश चंद्र चौहान ने हैंसर विकास खंड के नटवावर गांव में बिना पशु शेड बनाए ही लाभार्थियों को मजदूरी भुगतान करने का मुद्दा उठाया था। डीएम ने इस मामले की जांच कराने का आश्वासन दिया था। डीएम के निर्देश पर तत्कालीन सीडीओ सुरेंद्र नाथ श्रीवास्तव ने प्रकरण की जांच की थी।
जांच में चार लाभार्थियों को बिना पशु शेड बनवाए मजदूरी का भुगतान करने का मामला सामने आया था। पूर्व बीडीओ की ओर इस मामले में प्रधान समेत चार लोगों पर सरकारी धन के गबन का मुकदमा दर्ज कराया गया था।
मामले में दोषी पाए गए ग्राम पंचायत सचिव को निलंबित कर दिया गया था। एसओ केडी सिंह ने बताया कि आरोपी प्रधान रामनयन यादव और जयकरन निवासी नटवावर थाना धनघटा को गिरफ्तार किया गया। अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। आरोपियों की गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम में एसआई बीर बहादुर यादव, कांस्टेबल हरीश कुमार सिंह, कांस्टेबल संदीप कुशवाहा शामिल रहे।
...