संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र में कपड़ा व्यवसायी मुन्नालाल मौर्या की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित शिरीष के साथ ही उनकी मां को भी गिरफ्तार किया है। वहीं इस मामले में लापरवाही बरतने पर चौकी प्रभारी समेत चार पुलिकर्मियों को लाइनहाजिर किया गया है। शराब की दुकान के पास मोटरसाइकिल से साइड लेने के विवाद को लेकर हत्या की गई थी। इस विवाद में शिरीष के साथ उसके परिजन भी शामिल थे। पुलिस अन्य आरोपितों की तलाश कर रही है।
एसपी सत्यजीत गुप्ता ने बताया कि गत 19 मार्च की रात में रेलवे स्टेशन के पीछे हुई 22 वर्षीय मुन्नालाल मौर्या की हत्या के मामले में पुलिस ने मुख्य आरोपित कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के मटिहना निवासी शिरीष और सह आरोपित उसकी मां उर्मिला को शुगर मिल रोड से गिरफ्तार कर लिया।
पूछताछ के दौरान शिरीष ने बताया कि रेलवे स्टेशन खलीलाबाद के पीछे शराब के ठेके के पास मुन्ना से शराब के नशे में उसकी हाथापाई हो गई थी। इसके बाद उसने फोन से अपने परिवार के लोगों को बुला लिया। सूचना पर परिवार के अन्य लोग आ गए। उन्होंने मुन्ना की जमकर पिटाई कर दी और उसे अधमरा छोड़कर भाग गए। पुलिस ने उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया, जहां से उसे मेडिकल काॅलेज रेफर कर दिया गया। मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने इस मामले में मुन्ना के पिता प्रहलाद मौर्या की तहरीर पर शिरीष समेत 10-15 अज्ञात लोगों पर गैर इरादतन हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज किया है।