धनघटा। शुक्रवार की देर शाम धनघटा-उमरिया बाजार मार्ग पर लहुरे गांव में ट्रक की चपेट में आने से ढाई साल के मासूम की मौत हो गई। मासूम की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया।
लहुरे गांव निवासी दीपक शाह का मकान धनघटा उमरिया बाजार मार्ग के बगल में स्थित है। शुक्रवार की शाम दीपक का ढाई वर्षीय पुत्र रेहांश अपने घर के सामने सड़क के किनारे खेल रहा था। उसी समय धनघटा से उमरिया बाजार की तरफ तेज रफ्तार से जा रहे ट्रक ने मासूम को चपेट में ले लिया। मासूम रेहांश की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। ट्रक को लेकर भाग रहे चालक को उमरिया बाजार में रोक लिया गया। जानकारी होने पर पुलिस ने ट्रक को कब्जे में ले लिया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गांव वालों का कहना है कि रेहांश परिवार का चिराग था। उसकी मां 10 दिन पहले दूसरे बच्चे को जन्म दी है। रेहांश की मौत से परिवार में कोहराम मच गया है। घटना के बाद मासूम के घर पर लोगों की भीड़ जमा हो गई। हर कोई परिजनों को ढांढस बंधा रहा था। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। थानाध्यक्ष राकेश कुमार मिश्रा का कहना है ट्रक की चपेट में आने से मासूम की मौत हुई है। इस मामले में ट्रक चालक के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।