संतकबीरनगर। बखिरा पुलिस ने शनिवार को क्षेत्र के गोनहा पुल से एक व्यक्ति को तमंचा व कारतूस के साथ गिरफ्तार किया। एसपी सत्यजीत गुप्त ने बताया कि शनिवार को एसओ श्याम मोहन के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुखबिर की सूचना पर क्षेत्र अंतर्गत गोनहा पुल के पास से बखिरा क्षेत्र के फतुआपार निवासी नूर मोहम्मद उर्फ तकरार को गिरफ्तार किया है। उसके पास से तीन देसी अवैध तमंचे और एक कारतूस बरामद किया गया। उन्होंने बताया कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की गई तो उसने बताया कि दुधारा थाने के एक मुकदमे में वह बस्ती जेल गया था। जेल में ही क्षेत्र के पकड़डीहा और सिहटीकर गांव के युवक से मुलाकात हुई थी। जेल से छूटकर वे लोग जेल से बाहर आए। उसके बाद उन दोनों से कई बार मुलाकात हुई। हम लोगाें ने चार-चार हजार में तीनों तमंचे व कारतूस खरीदे थे। एसपी ने बताया कि नूर मोहम्मद पर केस दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।