संतकबीरनगर। पुलिस टीम ने गैंगस्टर एक्ट के दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। प्रशिक्षु सीओ एसओ दुधारा प्रियम राजशेखर पांडेय की अगुवाई में गठित पुलिस टीम ने उत्तर प्रदेश गिरोह बंद एवं समाज विरोधी क्रियाकलाप निवारण अधिनियम के तहत यह कार्रवाई की है। वांछित अभियुक्त मोहम्मद आरिफ उर्फ छेदी पुत्र डेबर निवासी करमा खान व शकील अहमद पुत्र अकबर अली निवासी पिपरा गोविंद को ग्राम करमाखान में नहर पुलिया के पास से टीम ने गिरफ्तार किया है।
पुलिस के अनुसार उक्त अभियुक्तों का एक सुसंगठित गिरोह है जो गैंग बनाकर गो तस्करी व गो वध की घटना को अंजाम देते हैं। पुलिस ने आरोपियों पर गैंगस्टर एक्ट का अभियोग पंजीकृत किया था। अभियुक्त मोहम्मद आरिफ उर्फ छेदी पुत्र डेबर के खिलाफ पांच एवं शकील अहमद के खिलाफ एक केस दर्ज है। पुलिस ने दोनों अभियुक्तों को गिरफ्तार कर संबंधित न्यायालय में प्रस्तुत कर जेल रवाना करा दिया।