कोडीनयुक्त कफ सिरफ में गिरफ्तार आरोपी। संवाद
संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कोडीन युक्त कफ सिरप को गैर चिकित्सकीय उपयोग के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। धनघटा रोड ओवरब्रिज के पास से आरोपियों की गिरफ्तारी हुई है। पुलिस ने कार्रवाई पूरी करके दोनों को जेल भिजवा दिया है।
कोतवाल जेपी दूबे ने बताया कि एसएसआई प्रमोद कुमार यादव की अगुवाई में पुलिस टीम ने एनडीपीएस एक्ट के तहत दो आरोपी जहरूद्दीन निवासी बखरिया एवं परमात्मा प्रसाद चौधरी निवासी झिनखाल थाना कोतवाली खलीलाबाद को धनघटा रोड ओवरब्रिज के पास से गिरफ्तार किया है। 21 नवंबर 2025 को थाना कोतवाली खलीलाबाद पुलिस पर औषधि निरीक्षक खलीलाबाद प्रीति सिंह ने तहरीर देकर अभियोग पंजीकृत कराया था। जिसकी विवेचना चल रही थी।
खाद्य विभाग की छापेमारी में प्रतिबंधित कोडीन युक्त कोडिवा सिरप 4520 शीशी और 6056 प्रोक्सविन स्पास कैप्सूल बरामद किया गया था। औषधि निरीक्षक प्रीति सिंह की तहरीर पर मामले में कल्पना पत्नी संतोष कुमार गुप्ता प्रोपराइटर संकल्प मेडिकल स्टोर गोला बाजार और मोती तिराहा एवं लाइफ मेडिकल स्टोर भिटवा टोला के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज हुई थी। मामले में एक आरोपी को पहले गिरफ्तार करके जेल भेजा जा चुका है। गिरफ्तार दोनों आरोपी के खिलाफ समस्त कार्रवाई पूरी करके न्यायालय भेज दिया गया। जहां से दोनों को न्यायिक अभिरक्षा में जिला कारागार रवाना कर दिया गया।