परशुरामपुर में चौपाल लगाकर चकबंदी की समस्याए सुनते एडीएम न्यायिक-स्रोत सूचना
संतकबीरनगर। शासन एवं चकबंदी आयुक्त के निर्देश पर चकबंदी से संबंधित समस्याओं के निराकरण के लिए ग्राम चौपाल की शुरुआत की गई है। इसके तहत मंगलवार को एडीएम न्यायिक एवं उप संचालक चकबंदी चंद्रेश कुमार सिंह ने परशुरामपुर में चौपाल लगाकर किसानों की समस्याएं सुनीं।
इस दौरान किसानों के कहा कि ग्राम में सहायक चकबंदी अधिकारी द्वारा बिना उनके परामर्श के चक निर्माण कार्य किया जा रहा है। काफी मुकदमे चकबंदी अधिकारी के न्यायालय पर लंबित हैं। एडीएम ने निर्देशित किया कि किसानों से परामर्श लेने के उपरांत ही चक निर्माण कार्य किया जाए। साथ ही इससे पूर्व मुकदमो का निस्तारण किया जाए। उन्होंने सहायक चकबंदी अधिकारी को निर्देशित किया कि लंबित मुकदमो का चकबंदी अधिकारी स्तर से शीघ्र निस्तारण कराते हुए एवं कृषकों के परामर्श उपरांत ही चक निर्माण की कार्रवाई करें।
ग्राम रामजंगला में बंदोबस्त अधिकारी चकबंदी विनय कुमार सिंह ने चौपाल लगाकर किसानों की समस्याएं सुनीं। उन्होंने बताया कि मौके पर उपस्थित ग्राम रामजंगला के स्टाफ को निर्देशित किया गया कि निर्विवाद वरासत, बैनामा तथा पैमाइश की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारित करना सुनिश्चित करें।
उन्होंने बताया कि आगे भी जनपद के चकबंदी प्रक्रिया के अन्तर्गत अन्य ग्रामों में चौपाल लगाकर चकबंदी संबंधी जन समस्याओं का समाधान किया जाएगा।