मेंहदावल में इनकमिंग ट्राली को ठीक करते हुए लाइनमैन ।
मेंहदावल। मंगलवार की सुबह विद्युत उपकेंद्र मेंहदावल पर इनकमिंग फीडर की ट्राॅली ब्लास्ट होने से नगर पंचायत व देहात क्षेत्र सभी फीडरों पर करीब चार घंटे बिजली आपूर्ति बाधित रही। इससे नगर पंचायत समेत करीब 100 गांवों की बिजली आपूर्ति सुबह छह बजे से बाधित हुई और दस बजे तक बहाल हो सकी।
अवर अभियंता मनोज कुमार श्रीवास्तव ने कहा कि विद्युत उपकेंद्र में इनकमिंग ट्रॉली का ब्लास्ट होने का मतलब है कि विद्युत आपूर्ति का एक महत्वपूर्ण हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया है। इनकमिंग ट्रॉली विद्युत उपकेंद्र में उच्च वोल्टेज लाइनों से बिजली क्षेत्र में लाने के लिए उपयोग की जाती है। यह ट्रॉली ब्लास्ट होती है, तो यह बिजली प्रवाह को बाधित कर देती है, जिससे बिजली आपूर्ति पूरी तरह से बाधित हो जाती है। ट्रॉली में किसी प्रकार की तकनीकी खराबी शॉर्ट सर्किट, ओवरलोडिंग, बिजली के गिरने या अत्यधिक गर्मी के कारण भी ब्लास्ट हो सकता है। उन्होंने बताया कि विद्युत उपकेंद्र के इनकमिंग फीडर ट्राॅली में तकनीकी खराबी आने के कारण विद्युत आपूर्ति व्यवस्था बाधित हुई थी। भीषण गर्मी को देखते हुए इसे शीघ्रता से सही कराकर करीब दस बजे तक विद्युत आपूर्ति बहाल करा दी गई है।