संतकबीरनगर। स्पोर्ट्स स्टेडियम खलीलाबाद में विभिन्न खेलों के आवासीय क्रीड़ा छात्रावास में प्रवेश के लिए जिला स्तरीय चयन ट्रायल का आयोजन 20 फरवरी को होगा। इच्छुक अभ्यर्थी खेल साथी पोर्टल से ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
उप जिला क्रीड़ा अधिकारी दिलीप कुमार ने बताया कि जिम्नास्टिक, तैराकी, कुश्ती, हॉकी, वॉलीबॉल, फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, क्रिकेट, कबड्डी, बास्केटबॉल, तीरंदाजी, एथलेटिक्स, बॉक्सिंग, जूडो, हैंडबॉल प्रतियोगिताओं का आयोजन जिला स्तर 20 से 25 फरवरी तक किया जाएगा।
मंडल स्तरीय ट्रायल 27 फरवरी से तीन मार्च तक बस्ती में होगा। छात्रावास में प्रवेश के लिए जिम्नास्टिक व तैराकी खेल के लिए अभ्यर्थियों की आयु एक अप्रैल को 12 वर्ष से कम व अन्य खेलों के लिए आयु 15 वर्ष से कम होनी चाहिए। उन्होंने बताया कि अभ्यर्थियों को विद्यालय से जारी जन्मतिथि प्रमाणपत्र जमा करना होगा। जिसे बीएसए व डीआईओएस से प्रतिहस्ताक्षरित होना चाहिए। यदि किसी कारणवश चयन ट्रायल के समय जन्मतिथि सक्षम अधिकारी से प्रतिहस्ताक्षरित करवाना संभव न हो तो स्कूल के प्रधानाचार्य द्वारा जन्मतिथि प्रमाणपत्र व अभ्यर्थी के माता-पिता द्वारा जन्मतिथि के संबंध में नोटरी शपथपत्र प्रस्तुत करना होगा। संवाद