कैथवलिया में पेड नीलामी की सूचना पर जांच करते एसडीएम-स्रोत ग्रामीण
संवाद न्यूज एजेंसी लोहरौली/ बेलहर। विकास खंड बेलहर कला क्षेत्र के अन्तर्गत ग्राम पंचायत कैथवलिया के नदी के किनारे में पेड़ की नीलामी में अनियमितता का मामला सामने आने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। ग्रामीणों की शिकायत पर जिलाधिकारी ने मामले की जांच के निर्देश दिए थे। जिसके बाद मेंहदावल एसडीएम संजीव कुमार राय सोमवार को मौके पर पहुंचे।
जांच के दौरान एसडीएम ने ग्राम पंचायत अधिकारी को फटकार लगाते हुए कहा कि बिना किसी उच्च अधिकारी की अनुमति के नीलामी की प्रक्रिया शुरू करना गंभीर लापरवाही है।
उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि वन संपदा गांव की हरियाली और पर्यावरण के संरक्षण के लिए है, इसका मनमाने ढंग से दोहन नहीं किया जा सकता।
गौरतलब है कि ग्राम पंचायत कैथवलिया में यूकेलिप्टस के 88 और अर्जुन के 500 समेत कुल 588 पेड़ों की नीलामी के लिए टेंडर प्रक्रिया शुरू की गई थी, जिसकी सूचना समाचार पत्र में प्रकाशित होते ही ग्रामीणों ने इसका विरोध किया। ग्रामीण रविन्द्र प्रताप सिंह उर्फ गुड्डू सिंह, अरविन्द कुमार लोधी समेत कई लोगों ने जिला प्रशासन से नीलामी रोकने की मांग की थी।
ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि यह नीलामी बिना पारदर्शिता और उचित अनुमति के की जा रही है। एसडीएम संजीव राय ने कहा कि मौके पर जांच पड़ताल किया गया। यह गांव की आबादी से काफी दूर नदी किनारे पेड़ लगाए गए हैं। पेड़ कटान करना उचित नहीं है। इसलिए इस पर तत्काल प्रभाव से रोक लगाया जा रहा है।
इस दौरान बीडीओ उमेश प्रसाद ओझा, एडीओ पंचायत पंकज सिंह समेत अन्य मौजूद रहे।