- जनरल कोच में प्रवेश के लिए करनी पड़ रही मशक्कत, बसों में भी भीड़ बढ़ी
संतकबीरनगर। होली 14 मार्च को मनाया जाना है। ऐसे में विभिन्न प्रांतों में काम करने वाले लोग घर वापस लौटने लगे हैं। लेकिन, ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल पा रहा है। मजबूरी में जनरल कोच में जैसे-तैसे यात्रा पूरी कर रहे हैं। यही हाल रोडवेज की बसों का भी है। बसों में भीड़ बढ़ गई है। हालांकि, रेलवे विभाग और परिवहन निगम ने इसके लिए विशेष ट्रेनें और अतिरिक्त बसों की व्यवस्था करने की बात कह रहे हैं।
बृहस्पतिवार को खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर बाघ एक्सप्रेस पहुंची तो ट्रेन में चढ़ने के लिए होड़ मच गई। जिन लोगों का टिकट कंफर्म था, उन्हें तो सीट मिल गई, लेकिन जिनका टिकट कंफर्म नहीं था, उन्हें जनरल कोच में चढ़ने के लिए मशक्कत करनी पड़ी। इसी तरह अन्य ट्रेनों में यात्रियों को प्रवेश करने में परेशानी झेलनी पड़ी। दिल्ली जाने के लिए ट्रेन पकड़ने आए सुनील गुप्ता, संजय कुमार आदि ने बताया कि टिकट कंफर्म नहीं हुआ। जाना जरूरी है, इसलिए जनरल कोच में जाने को मजबूर हैं। काफी मशक्कत के बाद कोच में प्रवेश कर पाए हैं।
बसों का सफर भी मुश्किल
ट्रेनों में कंफर्म टिकट न मिलने से परेशान यात्री बस पकड़ने के लिए मेंहदावल बाईपास पर बने बस स्टाॅप सेंटर पर पहुंच रहे हैं, लेकिन बसों में भी भीड़ होने के कारण यात्रियों परेशानी झेल रहे हैं। यात्री शिव कुमार ने बताया कि कानपुर जाना है। ट्रेन का टिकट कंफर्म नहीं हुआ तो बस से सफर करने के लिए आए हैं, लेकिन बसों में जगह नहीं मिल पा रही है। कई बस छोड़ चुके हैं। प्राइवेट बसों में किराया अधिक है।
जिले के बड़ी संख्या में दिल्ली, मुुंबई, कानपुर, बंगलौर, सूरत सहित कई स्थानों परसे लोग घर लौट रहे हैं। किनारे खड़े होकर रोडवेज की बसों का इंतजार करते दिखे। यात्री दिनेश कुमार ने बताया कि बसों में भीड़ बढ़ गई है। जिससे परेशानी झेलनी पड़ रही है।
निजी बसाें में देना पड़ रहा अधिक किराया
होली के पर्व को देखते हुए प्राइवेट बस वालों ने किराया बढ़ा दिया है। दिल्ली के लिए अन्य दिनों में सात से आठ सौं रुपये बुकिंग का लगता था, अब होली के आस-पास की तिथियों में 14 से 15 सौ रुपये में बुकिंग की जा रही है।
होली पर रेलवे ने विशेष ट्रेनें चलाने की योजना बनाई है। जल्द ही यह ट्रेनें चलाई जाएंगी, इससे लोगों को राहत मिलेगी।
- एके गौड़, अधीक्षक, खलीलाबाद रेलवे स्टेशन