-शहर में बिजली व्यवस्था में सुधार के लिए कार्य योजना तैयार
-जर्जर तारों की जगह लगाए जाएंगे केबल के तार
- बिजली संकट से उपभोक्ताओं को मिलेगी राहत
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। खलीलाबाद शहर में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए निगम ने कार्य योजना तैयार की है। जिसके तहत जहां ट्रांसफार्मरों की क्षमता में वृद्धि की जाएगी, वहीं जर्जर हो चुके बिजली के तारों को बदला जाएगा। इससे बिजली उपभोक्ताओं को राहत मिलने की उम्मीद है।
शहर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था पटरी से उतर गई है। आए दिन जर्जर तार टूटकर गिर रहे हैं और बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है। ओवरलोड के चलते ट्रांसफार्मर हांफ रहे हैं और बार-बार ट्रिप की समस्या आ रही है। इसके कारण उपभोक्ताओं को बिजली के संकट से जूझना पड़ रहा है।
पिछले दिनों बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए बिजली निगम ने औद्योगिक क्षेत्र के ओसवाल फीडर से जुड़े लाइनों के पुराने जर्जर जंपर बदले थे। साथ ही अनुरक्षण का कार्य किया गया था। बंजरिया और सेंट थाॅमस स्कूल के पास लगे ट्रांसफार्मरों की क्षमता में वृद्धि की गई थी। इसके बाद भी आधे शहर में बिजली का संकट बना हुआ है।
इस समस्या से निजात के लिए अब विद्युत निगम ने बरदहिया बाजार में 100 केवीए से लेकर 250 केवीए के ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि के लिए कार्य योजना तैयार की गई है। इसके साथ ही बगहिया, मोहद्दीनपुर, मेंहदावल रोड, मैलानी, मेंहदावल चौराहा सहित विभिन्न क्षेत्रों में जर्जर तार बदले जाएंगे। इन जर्जर तारों की जगह केबल लगाए जाएंगे, जिससे बार-बार बिजली तार टूटकर गिरने की समस्या से निजात मिल सके। साथ ही ढीले तारों को भी व्यवस्थित किया जाएगा। उम्मीद है कि इससे उपभोक्ताओं को बिजली संकट से राहत मिलेगी।
000000000000000000000000
शहर में बिजली आपूर्ति व्यवस्था में सुधार के लिए कार्य कराए जा रहे हैं। साथ ही बरदहिया बाजार सहित विभिन्न क्षेत्रों में ट्रांसफार्मरों की क्षमता में वृद्धि की जाएगी। जर्जर तारों की जगह केबल के तार लगाए जाएंगे। इससे बिजली आपूर्ति में सुधार होगा। जल्द ही कार्य शुरू करा दिए जाएंगे।
मिथिलेश कुमार, अवर अभियंता