संतकबीरनगर। इस साल होली का पर्व 14 मार्च को है, लेकिन बड़े शहरों से आने वाली ट्रेनों में अभी से सीटें फुल हाे गई हैं। एक्सप्रेस व सुपरफास्ट ट्रेनों में 150 से अधिक की वेटिंग चल रही है, जिससे बाहर से आने वाले लोगों की मुश्किलें बढ़ गई हैं।
होली का त्योहार मनाने घर आने वाले प्रवासियों की मुश्किलें इस बार बढ़ेंगी। 12 मार्च को दिल्ली से आने वाली ट्रेनों में सबसे अधिक वेटिंग है। आने वाले दिनों में इन ट्रेनों में बुकिंग बंद हो जाएगी। स्पेशल ट्रेन चले तो यात्रियों को सहूलियत मिल सकती है। होली पर घर आने वाले लोग प्रतिदिन टिकट की बुकिंग के लिए पहुंच रहे हैं, लेकिन उन्हें कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा है।
अधिकतर ट्रेनों में वेटिंग चल रही है, जिससे लोगों को घर आने में मुश्किलों का सामना करना पड़ सकता है। जिले में कई लोग रोजगार के लिए मुंबई, बंगलूरू, लुधियाना, दिल्ली, कानपुर और सूरत आदि शहरों में परिवार के साथ रहते हैं। होली के त्योहार पर हर कोई घर आना चाहता है। इसके लिए ट्रेन का सहारा लेते हैं। इसकी वजह यह है कि अन्य वाहनों की तुलना में ट्रेन का सफर न सिर्फ आरामदायक होता है बल्कि कम पैसे लगते हैं। ऐसे में लोग टिकट के लिए अभी से प्रयासरत है।
होली का त्योहार अभी दूर है, लेकिन ट्रेनों में कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा है। लोग इस उम्मीद से टिकट बुक करा रहे हैं कि शायद वेटिंग टिकट बाद में कंफर्म हो जाए। खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर मिले मेंहदावल निवासी सर्वेश और दिनेश कुमार ने कहा कि कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा है। इस उम्मीद से आए थे कि शायद काउंटर से टिकट मिल जाए, लेकिन वेटिंग टिकट ही मिल रहा है।