संतकबीरनगर। जिले के 22 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर रविवार को जन आरोग्य मेले का आयोजन हुआ। इसमें अधिकतर मरीज खांसी, पेटदर्द और बुखार से पीड़ित थे। नगरीय उप स्वास्थ्य केंद्र कांशीराम में मरीजों को इलाज के साथ दवा दी गई। स्वास्थ्य केंद्रों पर आए मरीजों में से सबसे ज्यादा बुखार के मरीज रहे। जिले में कुल 976 मरीजों ने इलाज कराया।
नगरीय उप स्वास्थ्य केंद्र कांशीराम आवास में इलाज कराने सबसे अधिक महिलाएं पहुंचीं। इनमें सबसे ज्यादा पेट दर्द, बुखार, उल्टी-दस्त के मरीज रहे। इन मरीजों ने चिकित्सकों से परामर्श लिया और दवा ली।
शिविर में जांच कराने आए लक्ष्मण, ज्ञानचंद, विंदावती, तब्बसुम ने बताया कि उन्हें खांसी और बुखार आ रहा है, जिसे डॉक्टर को दिखाने आई थे। चिकित्सक ने जांच कर दवा दी। सीएमओ डॉ. रामानुज कन्नौजिया ने बताया कि जिले में 22 उप स्वास्थ्य केंद्रों पर कुल 976 मरीजों का इलाज हुआ है।
इस दौरान एलोपैथ चिकित्सक डॉ. श्रुति श्रीवास्तव, आयुर्वेद चिकित्सक डॉ. जरीन फातमा, फर्मासिस्ट मनोज कुमार मिश्रा, स्टाफ नर्स सुष्मिता पांडेय, एएनएम रीता राय, एलटी दयाराम आदि मौजूद रहे।