खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर ट्रेन का इंतजार करते यात्री
संतकबीरनगर। मेगा ब्लाॅक के बाद ट्रेनें पटरी पर लौटने लगी हैं। इससे यात्रियों को थोड़ी राहत मिलेगी। हालांकि रविवार को आम्रपाली एक्सप्रेस का मार्ग परिवर्तित रहा। इसके साथ ही अब भी कई ट्रेनें निरस्त चल रही हैं। जिसमें इंटरसिटी एक्सप्रेस भी शामिल है।
गोरखपुर में कराए जा रहे कार्य के चलते 12 अप्रैल से मेगा ब्लॉक लिया गया है। इसके चलते कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर दिया गया है। रविवार को आम्रपाली एक्सप्रेस मार्ग परिवर्तित होने से खलीलाबाद स्टेशन पर नहीं आई। इसके साथ ही इंटरसिटी एक्सप्रेस पांच मई तक निरस्त है, जबकि दो पैसेंजर ट्रेनें भी छह मई तक निरस्त हैं। ऐसे में लखनऊ सहित लोकल यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ रही है।
दूसरी तरफ रविवार को गोरखधाम एक्सप्रेस, बैशाली एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर चली। इससे दिल्ली, मुंबई आदि जाने वाले यात्रियों को राहत मिली है। डाउन ट्रेनों में राप्ती सागर-एरणाकुलम और गोरखपुर एक्सप्रेस भी खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर आई। लखनऊ के लिए सफर करने वाले यात्रियों की पसंद इंटरसिटी एक्सप्रेस अभी पांच मई तक निरस्त है, जबकि दो पैसेंजर ट्रेनें भी छह मई तक निरस्त हैं। उम्मीद है कि दो दिनों में सभी ट्रेनें पटरी पर लौट आएंगी, जिससे यात्रियों को होने वाली परेशानी से राहत मिल सकती है।
कोट
मेगा ब्लॉक के चलते कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित किया गया था, जबकि कई ट्रेनें निरस्त रही। अब ट्रेनें धीरे-धीरे पटरी पर लौटने लगी हैं। कई ट्रेनों का संचालन शुरू हो गया है। दो दिन बाद ट्रेनें अपने निर्धारित समय पर चलेंगी। जिससे यात्रियों की परेशानी दूर हो जाएगी।
-एके गौड़, स्टेशन अधीक्षक रेलवे खलीलाबाद