खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर पहुंची ट्रेन-संवाद
- फोटो : credit
संतकबीरनगर। पूर्वाेत्तर रेलवे गोरखपुर के डोमिनगढ़ में कार्य कराए जाने के लिए लिया गया मेगा ब्लॉक समाप्त हो गया है। इसके साथ ही शनिवार को कई ट्रेनें रूट पर चलीं। इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को थोड़ी राहत मिली है, लेकिन इंटरसिटी व पैसेंजर ट्रेनें न चलने से यात्रियों के समक्ष संकट बना रहा। रेल प्रशासन का कहना है कि रविवार तक स्थिति सामान्य हो जाएगी। पूर्वाेत्तर रेलवे के डोमिनगढ़ में तीसरी लाइन के निर्माण के लिए 22 सितंबर से 26 सितंबर तक कार्य कराए जाने के लिए मेगा ब्लॉक लिया गया था। इस दौरान कई ट्रेनें जहां निरस्त रहीं वहीं कई ट्रेनों का मार्ग परिवर्तित कर चलाया गया। इसके कारण खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर यात्रियों को परेशानी झेलनी पड़ी। हालांकि अब मेगा ब्लॉक समाप्त हो गया है। शनिवार को बरौनी- लखनऊ, सूरत स्पेशल, गोरखधाम एक्सप्रेस, कुशीनगर एक्सप्रेस, अवध एक्सप्रेस आदि ट्रेनें खलीलाबाद होकर चली।
इससे लंबी दूरी की यात्रा करने वालों को थोड़ी राहत मिल गई है। ट्रेनों के पटरी पर लौटने से खलीलाबाद रेलवे स्टेशन पर रौनक दिखने गली है। दूसरी तरफ इंटरसिटी एक्सप्रेस व गोरखपुर-गोंडा, गोरखपुर-अयोध्या पैसेंजर ट्रेन शनिवार को भी निरस्त रहीं। इसके कारण लखनऊ, अयोध्या का सफर करने वाले यात्रियों को परेशान होना पड़ा। रेल प्रशासन का दावा है कि एक से दो दिन में रेल यातायात पूरी तरह से सामान्य हो जाएगा।