कलक्ट्रेट पर जिला सतर्कता एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक करते सांसद-स्रोत सूचना
- फोटो : credit
संतकबीरनगर। जनपद के विकास, निर्माण कार्य एवं लाभार्थी परक योजनाओं की अद्यतन स्थिति एवं प्रगति आदि की समीक्षा के लिए शनिवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति दिशा की बैठक सांसद लक्ष्मीकांत उर्फ पप्पू निषाद की अध्यक्षता में कलक्ट्रेट सभागार में हुई। इसमें सांसद ने लाभार्थी परक योजनाओं के क्रियान्वयन पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिए।
बैठक के शुरूआत में पिछली बैठक की कार्यवृत्ति एवं अनुपालन आख्या पर विस्तृत करते हुए संबंधित विभागीय अधिकारियों से अनुपालन की जानकारी प्राप्त करते हुए योजनाओं को पूर्ण किए जाने निर्देश दिए गए। उन्होंने कहा कि योजनाओं के जमीनी हकीकत की अपने स्तर पर समीक्षा करते रहें। पात्रता सूची के अनुसार लाभार्थियों का फीडबैक भी लेते रहे।
उन्होंने कहा कि योजनाओं एवं कार्यक्रमों को उनके मूल रूप में पारदर्शितापूर्वक जनप्रतिनिधियों एवं प्रशासन के सहयोग से पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाना और इस प्रक्रिया में किसी भी तरह के समस्या का आपसी समन्वयता के साथ निराकरण करना ही इस बैठक का उद्देश्य है। प्रशासनिक अधिकारी योजनाओं में पात्रता के अनुसार बिना किसी भेदभाव के पारदर्शितापूर्वक लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। किसी भी स्तर पर गरीबों का शोषण न हो, यह प्रशासन की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि आवास वितरण सहित अन्य किसी भी जन कल्याणकारी योजनाओं के आच्छादन, गुणवत्ता एवं लाभार्थी फीड बैक लेने के लिए रैंडम चेकिंग के दौरान स्थानीय जनप्रतिनिधि को भी बुलाया जाए। प्रधानमंत्री ग्रामीण सड़क योजना के अन्तर्गत नई सड़कों के प्रस्ताव व पुरानी सड़कों का जीर्णाेंद्धार के बारे में संबंधित अधिकारी से जानकारी प्राप्त की गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष बलिराम यादव ने कहा कि केंद्र व राज्य सरकार द्वारा चलाई जा रही कल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र व्यक्तियों तक पहुंचाया जाए।