संतकबीरनगर। हज यात्रा-2026 को ध्यान में रखते हुए खलीलाबाद स्थित मक्की जामा मस्जिद मोतीनगर पर मंगलवार को हज यात्रियों के लिए विशेष हज प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इसमें लगभग 60 हज यात्रियों ने भाग लिया, और हज के दौरान किए जाने वाले अरकान की जानकारी प्राप्त की।
ट्रेनर हाजी अख्तर आलम और मौलाना इफ्तेखार अहमद कासमी द्वारा हज के सभी चरणों जैसे एहराम बांधने की विधि, तवाफ, सई, अराफात में वकूफ, मुजदलिफा और मिना के अमल आदि के बारे में समझाया गया। साथ ही हज यात्रियों को स्वास्थ्य, सफाई, यात्रा के दौरान अनुशासन और सरकारी दिशा-निर्देशों का पालन करने की भी सलाह दी गई।
प्रशिक्षण के दौरान महिलाओं के लिए अलग से मार्गदर्शन की व्यवस्था की गई, जिससे वे आसानी से हज की प्रक्रिया को समझ सकें। इस अवसर पर डॉक्टर अब्दुल्लाह, सभासद असलम अंसारी, डॉक्टर शब्बीर खान, सलमान नसीम, मास्टर सैयद अली, मास्टर मन्नान, हाफिज तकीउद्दीन, मोहम्मद मोअज्जम, मोहम्मद शाहिद, रशीदा खातून, यूनुस अख्तर खान, मोहम्मद असद, इमरान हुसैन आदि मौजूद रहे।