ट्रेलर की टक्कर से डायल 112 के वाहन में तैनात घायल सिपाही
संतकबीरनगर। कोतवाली क्षेत्र के नेशनल हाइवे मगहर दुर्गा मंदिर के पास रविवार को सुबह डायल 112 के वाहन को ट्रेलर ने टक्कर मार दी। घटना में पीआरवी वाहन पर मौजूद एक सिपाही व एक होमगार्ड घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने एक ट्रेलर को कब्जे में ले लिया है। जबकि दूसरे ट्रेलर को चालक लेकर फरार हो गया।
खलीलाबाद कोतवाली पुलिस को दिए शिकायत में होमगार्ड चालक रशीद अहमद निवासी रमवापुर थाना बखिरा ने बताया कि उनकी ड्यूटी डायल यूपी 112 पीआरवी 6001 पर है। 15 जून को सुबह लगभग 6:40 बजे ड्यूटी के दौरान पीआरवी से खलीलाबाद की तरफ से दुर्गा मंदिर तिराहा मगहर प्वाइंट पर पहुंचने के लिए दुर्गा मंदिर तिराहा कट से मुड़ रहे थे। उसी दौरान पीआरवी वैन के पीछे से आ रही ट्रेलर के चालक ने तेजी एवं लापरवाही पूर्वक गाड़ी चलाते हुए आकर टक्कर मार दिया।
जिससे पीआरवी वैन अनियंत्रित होकर खलीलाबाद से गोरखपुर वाली लेन पर आ गई। उसी समय गोरखपुर की तरफ से आ रही तीव्र गति से ट्रेलर चालक ने पीआरवी वाहन को बायी तरफ से बीचोंबीच में टक्कर मार दिया। जिससे पीआरवी पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया। पीआरवी वाहन में ड्यूटी पर मौजूद हेड़ कांस्टेबल मोहन प्रजापति, कांस्टेबल अजीजुल्लाह खान व एचजी चालक रशीद अहमद को चोटें आई हैं।
कोतवाली पुलिस मामले में होमगार्ड चालक के तहरीर पर आरोपी दोनों ट्रेलर के खिलाफ केस दर्जकर आवश्यक कार्रवाई में जुट गई। पुलिस ने दुर्घटना करने वाले एक ट्रेलर को अपने कब्जे में लिया है। जबकि दूसरे ट्रेलर की पुलिस पहचान में जुटी हुई है।