फोरलेन पर 48 घंटे से रुके हैं ट्रक, चालक परेशान
- कांवड़ यात्रा के चलते शुक्रवार की रात से ही रोके गए हैं ट्रक
- समय से पहले सड़क बंद होने से फंस गई हैं कई गाड़ियां
- बिहार से दिल्ली जाने वाले चालक हैं परेशान, रहने-खाने की हो रही दिक्कत
अमर उजाला ब्यूरो
मगहर। कांवड़ियों की सुविधा के लिए फोरलेन हाइवे पर प्रशासन ने पूर्व निर्धारित समय से पहले ही आवागमन रोक दिया था। इसके चलते बिहार से लखनऊ व दिल्ली की तरफ जाने वाले तमाम ट्रक मगहर दुर्गा मंदिर से पहले रोक दिए गए हैं। 48 घंटे से रास्ता बंद होने के चलते इन चालकों को रहने-खाने में दिक्कत होने लगी है। कई चालकों के पास पैसा भी खत्म हो गया है। मंगलवार तक आवागमन सामान्य होने पर ही इन चालकों को राहत मिलेगी।
श्रावण मास के तेरस के दिन बस्ती के भद्रेश्वरनाथ में बड़ी संख्या में लोग जल चढ़ाते हैं। श्रद्घालु अयोध्या से सरयू नदी का पवित्र जल लेकर भद्रेश्वरनाथ पहुंचते हैं। इसे देखते हुए प्रशासन ने शुक्रवार की रात से ही नेशनल हाइवे पर रूट डायवर्जन कर दिया है। मगहर से बखिरा होते हुए छोटी गाड़ियां तो निकल जा रही हैं लेकिन सामान लदे ट्रक इस रास्ते में फंस जा रहे हैं। लिहाजा बड़ी संख्या में मगहर में ट्रकों की कतार लगी है। करीब दो किलोमीटर तक सड़क के दोनों तरफ ट्रकों की लगी कतार के चलते चालकों के सामने भोजन, स्नान व नित्यक्रिया आदि की दिक्कत हो गई है। सोमवार की आधी रात के बाद सड़क पर आवागमन शुरू होगा। इसके बाद ट्रकों को कई घंटे तक जाम से जूझना पड़ेगा। मंगलवार की सुबह तक आवागमन सामान्य होने पर ही इन्हें राहत मिलेगी।
000000
ट्रक चालक बोले: बेहतर वैकल्पिक इंतजाम जरूरी
मगहर। फोरलेन पर आवागमन रोके जाने के चलते फंसे ट्रक चालकों का कहना है कि आस्था का सम्मान जरूरी है लेकिन सड़क को पूरी तरह से बंद करने की बजाय वैकल्पिक इंतजाम बेहतर होने चाहिए। जिन रूटों पर वाहन डायवर्ट किए जाते हैं उन्हें भी चौड़ा बनाया जाए जिससे कि माल लदे वाहन उन रास्तों से निकल सकें। ट्रक चालकों ने अमर उजाला से अपनी पीड़ा साझा की। पंजाब प्रांत के रहने वाले ट्रक चालक सरदार वीरेंद्र सिंह ने बताया कि वे सिलीगुड़ी से चाय की खेप लेकर गुजरात जा रहे हैं। दो दिनों से यहां फंसे हैं। यहां खाने-पीने से भी अधिक दिक्कत नित्यक्रिया के लिए हो रही है। पूरे रास्ते के लिए मिला खर्च यहीं खत्म हो गया है।
हरियाणा प्रांत के रहने वाले ट्रक चालक बस्तीराम ने बताया कि वह चार दिन पूर्व गुवाहाटी से चावल लेकर पोरबंदर (गुजरात) के लिये निकले थे। दो दिन से यहां जाम में फंसे हैं। बहुत नुकसान हो रहा है। इटावा जिले के नगला निवासी ट्रक चालक गौरव यादव ने बताया कि वह बिहार से मक्का लेकर दिल्ली जा रहे हैं। खाने के लिए मिले पैसे भी खत्म हो रहे हैं। पंजाब के तरनतारन के रहने वाले ट्रक चालक सरदार अंग्रेज सिंह ने बताया कि वे बेगूसराय (बिहार) से दुग्ध उत्पाद लेकर गजरौला जा रहे हैं। यहां रास्ता बंद होने के चलते सामान खराब होने का डर सता रहा है।