व्यापारियों ने दी आंदोलन की चेतावनी
-अग्निकांड पीड़ित कारोबारियों ने क्षतिपूर्ति दिलाने की मांग की
संतकबीरनगर। मंडी समिति के कारोबार करने वाले व्यापारियों ने बुधवार को परिसर में बैठक की। इस दौरान अग्नि पीड़ित व्यापारियों को क्षतिपूर्ति दिए की मांग की गई। साथ ही कारोबारियों ने चेतावनी दी कि यदि क्षतिपूर्ति नहीं मिली तो कारोबार बंद कर आंदोलन किया जाएगा।
व्यापारियों ने कहा कि पिछले माह मंडी समिति के आग की घटना में 29 कारोबारियों का सब कुछ जलकर राख हो गया था। उस समय प्रशासन ने आश्वासन दिया था कि मुख्यमंत्री अग्नि दुर्घटना योजना के तहत कारोबारियों को आर्थिक मदद दी जाएगी, लेकिन अभी तक किसी भी व्यापारियों को कुछ भी नहीं मिला। व्यापारियों ने कहा कि आग में सब कुछ गंवा देने के बाद कारोबार नए सिरे से शुरू कर पाना संभव नहीं हो पा रहा है। उम्मीद थी कि आर्थिक मदद मिलेगी, लेकिन अब कोई मदद नहीं मिली है। ऐसे में 18 अक्तूबर से आंदोलन शुरू किया जाएगा। इस दौरान कारोबार पूरी तरह से बंद कर दिया जाएगा।
बैठक में अनिल कुमार, रामाज्ञा यादव, सूर्य प्रकाश, कोमल निषाद, दीनानाथ, शिवानंद, प्रभुनाथ मौर्य, बदरे आलम, संजय, मनोज कुमार पांडेय, गौतम कुमार, सुलेमान अली, प्रदीप शर्मा, संदीप शर्मा, वसीउल्लाह, वीरेंद्र कुमार, महेंद्र कुमार और इमरान आदि व्यापारी मौजूद थे।