मेंहदावल। तहसील तथा नगर पंचायत प्रशासन द्वारा चार दिन पूर्व मेंहदावल में हटाए गए अतिक्रमण पर सवाल खड़े हो रहे हैं। शनिवार को विधायक, उप जिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी व व्यापारियों की थाना परिसर में आयोजित बैठक में व्यापारियों ने प्रशासन की कार्यशैली पर सवाल खड़ा कर दिया।
अतिक्रमण विरोधी अभियान को व्यापारियों ने पक्षपात की कार्रवाई बताया। विधायक ने मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रशासनिक अधिकारियों से सवाल जवाब किया। मेंहदावल नगर पंचायत क्षेत्र में चार दिन पूर्व एसडीएम तथा नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी एवं पुलिस क्षेत्र अधिकारी के नेतृत्व में अतिक्रमण विरोधी अभियान चला था।
विज्ञापन
सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र तिराहे से चले इस अतिक्रमण विरोधी अभियान पर नगर के लोगों ने सवाल खड़ा कर दिया था। प्रशासन द्वारा अतिक्रमण विरोधी अभियान तो चलाया गया लेकिन तमाम स्थानों पर अतिक्रमण होते हुए भी प्रशासनिक अधिकारियों ने कोई कार्रवाई नहीं की।
नगर पंचायत कार्यालय के पास ही अतिक्रमण किया गया है नगर पंचायत कार्यालय के सामने स्थित महानगर वाली मंदिर पूरी तरफ से अतिक्रमण की चपेट में है। शनिवार को उद्योग व्यापार प्रतिनिधित्व मंगल दल के नगर अध्यक्ष रवींद्र वर्मा चुन्नू के नेतृत्व में व्यापारी थाना पर पहुंचे। विधायक अनिल कुमार त्रिपाठी एसडीएम अरुण कुमार पुलिस क्षेत्राधिकारी सर्वदमन सिंह की मौजूदगी में व्यापारियों के साथ बैठक की गई। बैठक में व्यापारियों ने सड़क की पटरियों पर ठेले पर दुकान लगाने वाले लोगों को चिन्हित करते हुए अन्य स्थान पर व्यवस्था करने की बात कही।