महुली थाने में चोरी की बाइक के साथ पकड़े गए चोर।
- फोटो : KHALILABAD
कुछ दिन पूर्व देवरिया जिला के रुद्रपुर से चुराई थी बरामद बाइक
महुली पुलिस और स्वाट टीम को मिली सफलता
अमर उजाला ब्यूरो
धनघटा। जिले की स्वाट टीम और महुली पुलिस ने संयुक्त रूप से महुली-नाथनगर मार्ग पर अलीनगर गांव के निकट चोरी के बाइक के साथ दो लोगों को गिरफ्तार किया है। दोनों पूर्व में चोरी के मामले में जेल भी जा चुके हैं। बरामद बाइक कुछ दिन पूर्व देवरिया जिला के रुद्रपुर से चुराई गई थी। दोनों पर मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया गया।
चौकी प्रभारी मुखलिसपुर नसीबुद्दीन ने बताया कि वे नाथनगर चौराहे पर मौजूद थे। इसी दौरान स्वाट टीम प्रभारी करुणाकर पांडेय पहुंचे। इसी बीच सूचना मिली की अलीनगर गांव के समीप दो लोग चोरी की बाइक को बेचने की फिराक में हैं। महुली-नाथनगर मार्ग पर अलीनगर के कठिनईया नदी के पास काली जी के स्थान के पास बाइक के साथ दो संदिग्ध युवक खड़े दिखे। पुलिस को देखते ही वे भागने लगे। पुलिस कर्मियों ने दौड़ाकर पकड़ लिया। बाइक के कागजात नहीं दिखा सके। कड़ाई से पूछताछ में एक शख्स ने नाम अकरम पुत्र साबित अली निवासी अलीनगर और दूसरे ने राजू पत्थरकट निवासी नाथनगर बताया। पूछताछ दोनों ने बताया कि वह बाइक को बेचने की फिराक में थे। बाइक को कुछ दिन पूर्व देवरिया जिला के रुद्रपुर से चुराने की बात स्वीकार की।