शुक्रवार की देर रात से लेकर शनिवार को दोपहर तक रूक-रूक कर हुई बारिश से शहर में जन जीवन अस्त व्यवस्त हो गया। तेज बारिश के कारण शहर के विभिन्न क्षेत्रों में भारी जल जमाव हो गया। लोगों को आने जाने में मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा था। स्थिति यह है कि शहर के बैंक चौराहा, सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद, लोक निर्माण विभाग डाक बंगला के सामने, गोलाबाजार, बरदहिया बाजार आदि क्षेत्रों में भारी जल जमाव हो गया। इसके कारण फुटपाथ पर दुकान लगाने वालों को मुश्किलों का सामना करना पड़ा। नालियां जाम होने के कारण जल भराव काफी देर तक बना रहा। मुखलिसपुर रोड सहित अन्य क्षेत्रों में कीचड़ के कारण पैदल चलने वाले काफी परेशान रहे।
वहीं तेज बारिश से किसानों के चेहरे खिल गए। चौबीस घंटे में अच्छी बारिश से धान की फसल अच्छी होने की उम्मीद जतायी जा रही है। एक सप्ताह में छुटपुट बारिश हुई थी, इसके कारण धान की फसल को ज्यादा लाभ नहीं हुआ था, लेकिन शुक्रवार की रात्रि से लेकर शनिवार को दोपहर तक तेज बारिश से किसानों के चेहरे खिल उठे। किसान इस बात से खुश है कि उन्हें कुछ दिनों के लिए धान की फसल की सिंचाई से निजात मिल गई है। किसान बारिश के बीच ही खेतों का मेड़ ठीक करने में जुटे रहे। किसानों ने कहा कि यह बारिश काफी फायदेमंद साबित होगी। किसान लालचंद्र ने कहा कि बारिश तेज होने से अब कुछ दिनों के लिए राहत मिल गई है। उन्होंने कहा कि खेत में उर्वरक डालने से धान की पौध का विकास तेजी से होगा। दूसरी तरफ बारिश ने शहर की सूरत बिगाड़ दी है।
इंसेट
कार्यालयों में सन्नाटा रहा
शुक्रवार की देर रात से शुरू हुई बारिश शनिवार को पूरे दिन जारी रही। बारिश के चलते सरकारी कार्यालयों में नाम मात्र कर्मचारी दिखे। ज्यादातर कार्यालय में बारिश के चलते सन्नाटा पसरा रहा। वही स्कूल व कॉलेज भी बंद हो गए।