संतकबीरनगर। जिले में बुखार के साथ शरीर में दर्द, गले में खराश समेत कई तकलीफें लोगों को परेशान कर रहीं हैं। जिला अस्पताल से लेकर सीएचसी तक संक्रमण से पीड़ित मरीज भरे पड़े हैं। डॉक्टर के मुताबिक, दवा खाने पर पांच दिन में राहत मिल जानी चाहिए, लेकिन इस वायरल में 20 दिन से पहले मरीज को आराम नहीं मिल पा रहा।
जिला अस्पताल में बुधवार को सुबह दस बजे से ही मरीजों की लाइन लगी। लोग पर्ची काउंटर पर पर्ची लेने के बाद चिकित्सकों को दिखाने पहुंचे। ओपीडी में कुल 1230 मरीज पहुंचे। इनमें से 100 के करीब मरीज बुखार के थे। फिजीशियन डॉ. रमाशंकर ने बताया कि वायरल का संक्रमण फैला हुआ है। संक्रमण से बचने के लिए सावधानी बरतना आवश्यक है।