सोनौली। नेपाल सीमा स्थित सोनौली कस्बे में पुलिस ने बुधवार की रात चोरी की दो बाइक के साथ तीन युवकों को गिरफ्तार कर बृहस्पतिवार को न्यायालय चालान किया है। आरोपी चोरी की दोनों बाइक बेचने के उद्देश्य से सोनौली बॉर्डर पहुंचे थे।
जानकारी के अनुसार, एसओ महेंद्र कुमार मिश्र के नेतृत्व में पुलिस टीम ने बुधवार रात करीब 10 बजे कस्बा स्थित एसबीआई बैंक के पास कार्रवाई की। क्षेत्राधिकारी नौतनवा बसंत कुमार सिंह ने बताया कि वाहन चोरी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के दौरान राहुल दुषाद, जितेंद्र कुमार तथा दुर्गेश दुषाद निवासी जंगल बड़हरा, थाना पनियरा, जनपद महराजगंज को गिरफ्तार किया गया है।
आरोपियों ने पनियरा, परसामलिक, घुघली और भिटौली थाना क्षेत्रोंं से बाइक चुराई थीं, दो बाइक इनके कब्जे से बरामद हुई हैं। पुलिस को आरोपियों की जामा तलाशी के दौरान उनके पास से 10,200 रुपये नकद भी मिले हैं। बरामद दोनों बाइक वाहन चोरी मामलों में दर्ज प्राथमिकियों से संबंधित हैं। गिरफ्तारी एवं बरामदगी के आधार पर पुलिस ने सोनौली थाने में संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करके बृहस्पतिवार को तीनों आरोपियों को न्यायालय में पेश किया।