संतकबीरनगर। साइबर ठगी के शिकार तीन लोगों को दुधारा पुलिस की साइबर सेल ने 29,635.49 रुपये वापस कराए हैं। पुलिस ने संबंधित बैंकों और वित्तीय संस्थाओं से समन्वय स्थापित कर बैंकिंग प्रक्रिया के माध्यम से पीड़ितों के खातों में धनराशि वापस कराई। शेष रकम वापस कराने के लिए भी प्रयास किए जा रहे हैं।
थानाध्यक्ष अमित कुशवाहा के नेतृत्व में साइबर सेल ने दरियाबाद निवासी सितारा खातून का मोबाइल हैक कर 24 हजार रुपये की ठगी के मामले में कार्रवाई की। इस मामले में 20 हजार रुपये वापस कराए गए। केसारी निवासी फरीदुद्दीन को पुलिस अधिकारी बनकर अश्लील वीडियो देखने की धमकी दी गई और उनसे 66,700 रुपये की ठगी की गई। इस मामले में 7,322.49 रुपये वापस कराए गए।
इसी तरह बिगरा अव्वल निवासी मोहनलाल, जो पूर्व प्रधान रह चुके हैं, को सरकारी योजना का पैसा दिलाने का झांसा देकर 22,500 रुपये ठग लिए गए थे। इस मामले में 2,313 रुपये वापस कराए गए। तीनों मामलों में कुल 29,635.49 रुपये की वापसी हुई है।
साइबर सेल प्रभारी उपनिरीक्षक राम वशिष्ठ ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत दर्ज कराएं या साइबर अपराध पोर्टल पर शिकायत करें। किसी के साथ ओटीपी, यूपीआई पिन, एटीएम कार्ड का सीवीवी नंबर या बैंक संबंधी गोपनीय जानकारी साझा न करें। अनजान और संदिग्ध लिंक पर क्लिक करने से भी बचें।