- दो एएसपी, नौ क्षेत्राधिकारी, 29 इंस्पेक्टर समेत अन्य की रहेगी तैनाती
- कबीर महोत्सव मगहर के साथ ही कलक्ट्रेट आ सकते हैं सीएम
- मेंहदावल बाईपास व कलक्ट्रेट तक पुलिसकर्मी रहेंगे तैनात
संवाद न्यूज एजेंसी
संतकबीरनगर। जिले में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन पर सुरक्षा व्यवस्था चुस्त-दुरुस्त की जा रही है। कार्यक्रम स्थल कबीर मगहर महोत्सव में मुख्यमंत्री के लिए त्रिस्तरीय सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है। कार्यक्रम फाइनल होने के बाद मगहर से मेंहदावल बाईपास व कलेक्ट्रेट तक चप्पे-चप्पे पर पुलिस कर्मी तैनात किए जाएंगे।
जनपद पुलिस फोर्स के अलावा भारी संख्या में गैर जनपद से पुलिस टीम जिले में पहुंच गई है। अधिकारियों ने गहन मंथन के बाद त्रिस्तरीय सुरक्षा खाका तैयार किया है। सुरक्षा व्यवस्था में दो एएसपी, नौ क्षेत्राधिकारी, 29 इंस्पेक्टर, 90 एसआई एवं 350 पुरूष एवं महिला कांस्टेबल को तैनात किया गया है। साथ ही एक कंपनी पीएससी का भी आवंटन हुआ है। जो जगह-जगह मुस्तैद रहकर सुरक्षा व्यवस्था का कमान संभालेंगे।
कार्यक्रम स्थल एवं मुख्यमंत्री की सुरक्षा के लिए सात स्थानों पर बैरियर लगाया गया है। जहां से सघन जांच के बाद ही जन सामान्य को भीतर जाने की अनुमति दी जाएगी। इसके अलावा कार्यक्रम स्थल व हेलीपैड के पास फायर टेंडर की गाड़ियों को तैनात किया गया है। सादे कपड़े में भी पुलिस फोर्स जगह-जगह तैनात रहकर निगरानी करेगी। लोकल इंटेलीजेंस की टीम भी हर गतिविधि पर अपनी निगाह बनाकर उच्चाधिकारियों को रिपोर्ट करने का काम करेगी।