संतकबीरनगर। जनपद में मंगलवार को हुई अलग-अलग स्थानों पर हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई। बेलहर में बाइक की टक्कर से बुर्जुग, हाईवे पर अज्ञात वाहन की टक्कर से गोरखपुर और रामजानकी मार्ग पर सुबह बिजली के पोल से टकराकर बलिया के युवक की मौत हो गई। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस शव को अपने कब्जे में लेकर कार्रवाई में जुट गई।
जानकारी के अनुसार सोमवार की देर रात हाईवे पर मंझरिया गांव के पास स्थित एक ढाबे के पास बाइक सवार युवक को तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने टक्कर मार दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस की मदद से जिला अस्पताल भेजवाया।
जहां डाक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। युवक की पहचान अजीज अहमद (40) पुत्र इब्राहिम निवासी वार्ड नंबर एक बिजौवा थाना सहजनवां गोरखपुर के रूप में हुई।
बताया जा रहा है कि युवक सोमवार की दोपहर में बारात में शामिल होने के लिए अपनी मोटरसाइकिल से खलीलाबाद आया था। वह रात लगभग 10 बजे के करीब घर लौट रहा था और हादसे का शिकार हो गया। वहीं युवक को खोजते हुए उसके परिवार के लोग भी जिला अस्पताल पहुंचे तथा शव की शिनाख्त की। इसके बाद उनका पोस्टमार्टम कराया गया।