संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद थाना क्षेत्र के महुई तामेश्वरनाथ गांव स्थित निजी शिक्षण संस्थान में शौचालय की दीवार निर्माण के विवाद में मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर आरोपी बृजभान, राजेश, शिवम और सचिन के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
महुई तामेश्वरनाथ निवासी प्रदीप कुमार ने तहरीर में बताया कि उनके शिक्षण संस्थान में आंधी-बारिश के कारण शौचालय की दीवार गिर गई थी। वह बच्चों की सुविधा के लिए दीवार का निर्माण करा रहे थे। इसी दौरान पड़ोसी आरोपी बृजभान, राजेश, शिवम और सचिन ने निर्माण का विरोध करते हुए दीवार गिरा दी।
आरोप है कि विरोध करने पर लाठी-डंडों से हमला किया, जिसमें प्रदीप कुमार, उनकी पत्नी गुड़िया देवी और पुत्री शिवांगी घायल हो गईं। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी गई। कोतवाल जयप्रकाश दूबे ने बताया कि मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। घायलों को चिकित्सकीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र खलीलाबाद भेजा गया है। जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।