संतकबीरनगर। कोतवाली खलीलाबाद क्षेत्र के बन्नोहिया गांव में रंजिश में हुई मारपीट में तीन लोग घायल हो गए। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस ने चार नामजद आरोपियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
पुलिस को दी गई तहरीर में बन्नोहिया निवासी सिंटू कुमार पुत्र स्वर्गीय चतुरी ने आरोप लगाया कि पांच जून की रात करीब नौ बजे गांव के अमरनाथ, श्यामभवन, गोलू तथा विशाल समेत अन्य लोग एकजुट होकर उनके साथ मारपीट करने लगे। आरोप है कि विपक्षियों ने लात-घूंसों और लाठी-डंडों से हमला कर उन्हें घायल कर दिया।
बीच-बचाव करने पहुंचीं संगीता पत्नी जितेंद्र और खुशबू पुत्री जितेंद्र के साथ भी आरोपियों ने मारपीट की, जिससे उन्हें भी चोटें आईं। कोतवाल जयप्रकाश दूबे ने बताया कि पीड़ित की शिकायत पर पुलिस ने संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।