संतकबीरनगर। दुधारा थाना क्षेत्र के सेहुड़ा गांव निवासी एक युवक की सड़क हादसे में मौत हो गई थी, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया था। मृतक की मां ने डंपर चालक पर तेज रफ्तार और लापरवाही से वाहन चलाने का आरोप लगाते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है। पुलिस मामले में प्राथमिकी दर्जकर कार्रवाई में जुट गई है।
सेहुड़ा गांव निवासी अकालबुन पत्नी स्वर्गीय जाकिर हुसैन ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि उनका पुत्र अरमान पांच जून की रात करीब 9:15 बजे गांव के ही काशिफ पुत्र अब्दुल्लाह के साथ मोटरसाइकिल से सेमरियावां जा रहा था। आरोप है कि बन्नी मोड़ के आगे कोइलसा-सीवान लिंक रोड से मिट्टी लदा डंपर तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाते हुए चालक आया तथा बिना हॉर्न बजाए मोटरसाइकिल में टक्कर मार दी।
हादसे में अरमान और काशिफ गंभीर रूप से घायल हो गए। दोनों को जिला अस्पताल बस्ती ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने अरमान को मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल काशिफ को बेहतर इलाज के लिए गोरखपुर मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। वर्तमान में उसका इलाज गोरखपुर के एक निजी अस्पताल में चल रहा है।
एसओ अमित कुशवाहा ने बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर प्राथमिकी पंजीकृत कर आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।