संतकबीरनगर। राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले 11वीं और 12वीं में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को विभिन्न विषयों की लैब उपकरणों के प्रयोग के माध्यम से पाठ्यक्रम की पढ़ाई करना आसान हो जाएगा। शासन की तरफ से विद्यालयों में लैब उपकरण भेजे जाएंगे।
जिले में 20 राजकीय माध्यमिक विद्यालय हैं। शासन की तरफ से निजी स्कूलों की तर्ज पर राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में आधुनिक संसाधनों को बहाल करने की कवायद तेज कर दी गई है। पूर्व में विभाग की तरफ विद्यालयवार गणित, विज्ञान की किट का बांट कर नौवीं और 10वीं के विद्यार्थियों को गणित, विज्ञान विषय को आसानी से समझाने और रुचिकर बनाने का प्रयास किया।
अब 11वीं और 12वीं के विद्यार्थी कठिन विषयों को प्रयोगशाला में प्रयोग कर आसानी से समझ सकेंगे। इसके लिए भौतिक विज्ञान, रसायन विज्ञान, जंतु विज्ञान और प्राणी विज्ञान सहित विभिन्न विषयों से संबंधित उपकरण लैब में उपलब्ध कराए जाएंगे। इससे विद्यार्थियों को पाठ्यक्रम समझने में आसानी होगी।
अधिकारियों की मानें तो सूक्ष्मदर्शी, मेजरिंग कंटेनर, स्केल, थर्मामीटर आदि उपकरण उपलब्ध कराए जाएंगे। पहले चरण में जीजीआईसी खलीलाबाद, राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय बघौली और राजकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मेंहदावल को मिला है। इसमे बनौली और खलीलाबाद को व्यवसायिक लैब भी दिया गया है।
कोट
राजकीय माध्यमिक विद्यालयों में पढ़ने वाले 11वीं और 12वीं में अध्ययनरत छात्र छात्राएं प्रयोगशाला में प्रयोग के माध्यम से पढ़ाई कर सकेंगे। विद्यालयों में लैब उपकरण उपलब्ध कराने की प्रक्रिया चल रही है।
-धर्मेंद्र मिश्र, जिला समन्वयक, समग्र शिक्षा माध्यमिक