संतकबीरनगर। यूपी बोर्ड की परीक्षा में लापरवाही पर तीन अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों को हटा दिया गया है। डीआईओएस ने परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर केंद्र व्यवस्थापकों को नकल विहीन परीक्षा कराने की हिदायत दी। शनिवार को हाईस्कूल और इंटरमीडिएट में 756 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी।
डीआईओएस शिव कुमार ओझा ने बताया कि कुछ लोगों ने तीन अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों की शिकायत की थी कि वे लोग परीक्षा केंद्रों पर लापरवाही बरत रहे हैं। डीएम ने इन अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापकों को अन्य परीक्षा केंद्रों पर भेजने का निर्देश दिया था।
उसी क्रम में संतकबीर इंटर कॉलेज सिक्टहा के अतिरिक्त केेंद्र व्यवस्थापक हरीराम यादव को उमा महेश्वर श्रीमती राम दुलारी देवी बालिका इंटर कॉलेज भोगीपुर में तैनात कर दिया गया है। इसी तरह से उमा महेश्वर श्रीमती राम दुलारी देवी बालिका इंटर कॉलेज भोगीपुर के अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक नरसिंह शुक्ल को हटाकर संतकबीर इंटर कॉलेज सिक्टहा पर तैनात किया गया है।
इसके साथ ही विंदेश्वरी इंटर कॉलेज पिड़ारी में मोती लाल को अतिरिक्त केंद्र व्यवस्थापक बनाया गया है। डीआईओएस ने बताया कि परीक्षा केंद्र नेता जी सुभाष चंद बोस इंटर कॉलेज के साथ ही अन्य परीक्षा केंद्रों का भी निरीक्षण किया गया है। केंद्र व्यवस्थापकों को नकल विहीन परीक्षा कराने के निर्देश दिए गए हैं।
अब तक 15607 परीक्षार्थियों ने छोड़ी परीक्षा
संतकबीरनगर। छह फरवरी से शुरू हुई यूपी बोर्ड की हाईस्कूल व इंटरमीडिएट की परीक्षा में चार दिनों में कुल 15607 परीक्षार्थियों ने परीक्षा छोड़ दी है। डीआईओएस शिव कुमार ओझा ने बताया कि जनपद के 103 परीक्षा केंद्रों पर हाईस्कूल व इंटरमीडिएट के कुल 70566 परीक्षार्थी नामांकित हैं। उनमें से अब तक 15607 ने परीक्षा छोड़ दी है। इनमें हाईस्कूल के 10056 और इंटरमीडिएट के 5551 परीक्षार्थी हैं। इसके अलावा पांच दिनों में पांच परीक्षार्थियों को अनुचित साधन के आरोप में रस्टिकेट किया जा चुका है।