मेंहदावल नगर पंचायत के पेट्रोल पंप तिराहे पर भाजपा के प्रदेश महामंत्री स्वतंत्र देव सिंह का भाजपा राष्ट्रीय परिषद के सदस्य संजीव राय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने भव्य स्वागत किया।
वहीं प्रेसवार्ता में प्रदेश महामंत्री ने कहा कि फोन पर तीन बार तलाक-तलाक-तलाक कह देना कहां का न्याय है। कुछ मुस्लिम संगठन इसका विरोध कर रहे हैं, वहीं बताएं कि फोन पर या मुंह से तीन बार तलाक शब्द का प्रयोग करने से शादी के रिश्ते टूटना मुस्लिम महिलाओं का सम्मान है या अपमान।
देश बदल रहा है। अब प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में बेटियां सबल हो रही है। समाज की अंतिम पंक्ति में बैठने वाला व्यक्ति भी सम्मान का हकदार है। ऐसे में गलत नीति और भ्रष्ट आचरण की सोच साकार नहीं हो पाएगी। हर हाल में तीन तलाक की व्यवस्था समाप्त होनी चाहिए।
आज बड़ी संख्या में मुस्लिम परिवारों की महिलाएं प्रधानमंत्री को तीन तलाक समाप्त करने के पक्ष में समर्थन दे रही हैं। यह इसका संकेत है कि यह परिपाटी खत्म होनी चाहिए। प्रधानमंत्री सैनिक सम्मान के लिए कटिबद्ध है । समाजवादी परिवार के कलह को उन्होंने ड्रामा करार देते हुए कहा कि इस सरकार ने प्रदेश मे लूट, अपराध, डकैती को उद्योग के रूप में संरक्षण देने का कार्य किया है।
लूट के माल के बंटवारे को लेकर शुरू हुई यह कलह जनता को गुमराह कर दोबारा सत्ता पर काबिज होने का कुचक्र है। स्वागत करने वालों मे भाजपा जिला महामंत्री राजेश सिंह, जनार्दनलाल श्रीवास्तव, दयाराम मिश्रा, अरुण सिंह, दिनेश पांडेय, एडवोकेट रामप्रसाद मणि त्रिपाठी, आनन्द सिंह, इन्द्रसेन सिंह, भूपेन्द्र तिवारी, दीपक शुक्ला, वीरेंद्र यादव, चौधरी औरंगजेब आदि मौजूद रहे ।