संतकबीरनगर। मंगलवार को खलीलाबाद, मेंहदावल और धनघटा तहसील मुख्यालयों पर तहसील दिवस का आयोजन हुआ। इसमें खलीलाबाद तहसील दिवस में बीडीओ सेमरियावां, खलीलाबाद और बघौली अनुपस्थित रहे। तीनों ब्लॉकों के एडीओ भी नहीं आए। एसडीएम सतीशमणि त्रिपाठी ने अनुपस्थित तीनों बीडीओ और तीनो एडीओ का एक दिन का वेतन काटने के संबंध में डीएम को पत्र भेजने की बात कही।
इस दौरान 100 भूूमिहीनों में आम आदमी बीमा योजना के बांड वितरित किए गए। एसडीएम ने उन्हें बताया कि इस योजना के तहत यदि दुर्घटना में मौत होने पर 75,000 रुपये, सामान्य मौत पर 35,000 रुपये और अंगभंग होने की दशा में भी 35,000 रुपये मिलेंगे।
एसडीएम ने लंबित मामलों के शीघ्र निस्तारण किए जाने संबंधित निर्देश अधिकारियों को दिया। इस दौरान कुल 72 शिकायती प्रार्थना पत्र प्राप्त हुए। एक भी निस्तारित नहीं हुआ।
मेंहदावल प्रतिनिधि के अनुसार जिलाधिकारी डॉक्टर सरोज कुमार की अध्यक्षता में तहसील दिवस का आयोजन हुआ। इस दौरान कुल 72 मामले आए। इसमें राजस्व संबंधित नौ मामले मौके पर ही निस्तारित कर दिए गए। शेष मामलों को निस्तारित करने के लिए संबंधित अधिकारियों को सौंप दिया गया। जिलाधिकारी ने कहा कि जनशिकायतों का निराकरण जल्द होना चाहिए।
ताकि आम लोगों की इस तरह के आयोजनों से न्याय मिलने की उम्मीदें बरकरार रहें। इस अवसर पर एसपी बीपी श्रीवास्तव, सीडीओ लालजी यादव, सीएमओ आनंद प्रकाश श्रीवास्तव, डीपीओ अरुण दुबे, डीपीआरओ रामअग्रे सिंह, एसडीएम रमेश रंजन, सीओ उत्तम सिंह, तहसीलदार इंद्रभान तिवारी आदि उपस्थित रहे। हैंसर प्रतिनिधि के अनुसार तहसीलदार राजेश गुप्ता की अध्यक्षता में तहसील दिवस आयोजित हुआ। इसमें कुल 45 मामले आए और सिर्फ दो मामले ही निस्तारित हो पाए।